यूपी में छात्रों को मिले रहे छात्रवृत्ति में होगा बदलाव, साल भर खुला रहेगा पोर्टल

by Manu
यूपी छात्रवृत्ति

लखनऊ, 29 मई 2025: उत्तर प्रदेश की योगी सरकार छात्रवृत्ति योजनाओं को और अधिक पारदर्शी व सुलभ बनाने के लिए बड़ा कदम उठा रही है। सरकार का लक्ष्य है कि हर जरूरतमंद छात्र को समय पर आर्थिक मदद मिले और तकनीकी खामियों की वजह से कोई पात्र छात्र वंचित न रहे। इसके लिए यूपी में अब छात्रवृत्ति आवेदन पोर्टल पूरे साल खुला रहेगा, यानी छात्रों को अब तय समय में फॉर्म भरने की बाध्यता नहीं होगी।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने साफ कहा है कि तकनीकी समस्याओं के कारण किसी की पढ़ाई में रुकावट नहीं आनी चाहिए। यूपी में अब छात्रवृत्ति सालाना की बजाय हर सेमेस्टर में दी जाएगी, ताकि छात्रों को समय पर सहायता मिले।

इस नई व्यवस्था को लागू करने के लिए समाज कल्याण विभाग को मुख्य जिम्मेदारी दी गई है। साथ ही, अल्पसंख्यक कल्याण और पिछड़ा वर्ग कल्याण विभाग के साथ मिलकर एक एकीकृत नीति तैयार की जा रही है। तीनों विभागों का एक साझा ऑनलाइन पोर्टल बनेगा, जिससे छात्रों को अलग-अलग विभागों के चक्कर न काटने पड़ें। यह पोर्टल पूरे साल उपलब्ध रहेगा।

छात्रवृत्ति में गड़बड़ी रोकने के लिए फेस रिकॉग्निशन तकनीक लागू की जाएगी, जिससे फर्जी आवेदनों पर लगाम लगेगी। साथ ही, एक मोबाइल ऐप भी लॉन्च होगा, जिससे छात्र अपने आवेदन की स्थिति तुरंत जान सकेंगे।

यूपी में हर साल लाखों छात्र इन योजनाओं का लाभ लेते हैं। नई व्यवस्था से ग्रामीण और दूरदराज के छात्रों को भी आसानी होगी, क्योंकि अब वे कभी भी आवेदन कर सकेंगे। यह कदम छात्रवृत्ति प्रक्रिया को और पारदर्शी, तेज और छात्र हितैषी बनाएगा।

ये भी देखे: मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने चौधरी चरण सिंह की पुण्यतिथि पर दी श्रद्धांजलि

You may also like