मुंबई, 20 मई 2025: भारत और पाकिस्तान के बीच तनाव के बाद खबरें आईं कि BCCI एशिया कप में भाग नहीं लेगा। हालांकि अब खुद BCCI सचिव ने इस मामले पर बयान दिया है।
BCCI सचिव देवजीत सैकिया ने भारत के इस वर्ष के एशियाई क्रिकेट परिषद (एसीसी) टूर्नामेंट से हटने की खबरों को खारिज किया है। इससे पहले एक रिपोर्ट में दावा किया गया था कि भारत अगले महीने श्रीलंका में होने वाले महिला इमर्जिंग टीम Asia Cup और सितंबर में होने वाले पुरुष एशिया कप में भाग नहीं लेगा।
एशिया कप पर अभी कोई चर्चा नहीं हुई- देवजीत सैकिया
सैकिया ने इस मुद्दे पर कहा, “आज सुबह से हमें बीसीसीआई के एशिया कप और महिला इमर्जिंग टीम एशिया कप में भाग नहीं लेने के फैसले के बारे में कुछ रिपोर्ट मिली हैं। ऐसी रिपोर्ट पूरी तरह से काल्पनिक और झूठी हैं क्योंकि अब तक बीसीसीआई ने आगामी एसीसी आयोजनों के बारे में कोई चर्चा या कदम नहीं उठाया है, एसीसी को कुछ भी लिखना तो दूर की बात है।”
उन्होंने आगे कहा, “फिलहाल हमारा मुख्य ध्यान आईपीएल और उसके बाद इंग्लैंड के खिलाफ होने वाली टेस्ट सीरीज पर है।”
बीसीसीआई सचिव ने कहा कि एसीसी आयोजनों के संबंध में घोषणा उचित समय पर की जाएगी। उन्होंने कहा, “एशिया कप या किसी अन्य एसीसी इवेंट का मुद्दा किसी भी स्तर पर चर्चा के लिए नहीं आया है, इसलिए इस बारे में कोई भी खबर या रिपोर्ट पूरी तरह से काल्पनिक है। जब भी किसी एसीसी इवेंट पर चर्चा होगी या कोई महत्वपूर्ण निर्णय लिया जाएगा, तो वह जानकारी बोर्ड द्वारा बताया जाएगा।”
ये भी देखे: क्रिकेट में भी पाकिस्तान को लगेगा झटका, सुनील गावस्कर ने की भविष्यवाणी