Chardham Yatra Details: अक्षय तृतीया के पावन अवसर पर विश्व प्रसिद्ध गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए गए। अब अगले छह महीने तक भक्त गंगोत्री धाम में मां गंगा के दर्शन कर सकेंगे। बुधवार सुबह 10:30 बजे अभिजीत मुहूर्त में गंगोत्री धाम के कपाट खोले गए, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली पूजा संपन्न हुई।
कपाट खुलने के दौरान गंगोत्री धाम मां गंगा के जयकारों से गूंज उठा। इस अवसर पर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी गंगोत्री पहुंचकर मां गंगा का आशीर्वाद लिया। गंगोत्री और यमुनोत्री धाम के कपाट खुलने के साथ ही उत्तराखंड में चारधाम यात्रा का शुभारंभ हो गया।
देश के अलग-अलग हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने गंगोत्री धाम में मां गंगा की विग्रह मूर्ति के दर्शन कर पुण्य अर्जित किया। मंदिर परिसर को करीब 15 क्विंटल फूलों से सजाया गया, जिसने इस पवित्र स्थल की सुंदरता को और बढ़ा दिया।
तीर्थयात्रियों की सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्था की गई है। यात्रा मार्ग पर आतंकवाद निरोधक दस्ता, अर्धसैनिक बल और पुलिस के जवान तैनात रहेंगे। 10 कंपनी पैरामिलिट्री, 17 कंपनी पीएसी और 10 स्थानों पर आतंकवाद निरोधक दस्ते की तैनाती होगी। इसके अलावा, 65 स्थानों पर एसडीआरएफ की टीमें मौजूद रहेंगी।
केंद्र सरकार द्वारा 10 कंपनी पैरामिलिट्री फोर्स उपलब्ध कराई जा रही है, जो जल्द ही तैनात होगी। चारधाम यात्रा के लिए 6,000 पुलिसकर्मियों की ड्यूटी लगाई गई है। पूरे यात्रा मार्ग को ड्रोन और 2,000 सीसीटीवी कैमरों के जरिए निगरानी की जाएगी, जिसकी फीड कंट्रोल रूम तक पहुंचेगी।
ये भी देखे: चारधाम यात्रा आज से शुरू हुई, पहलगाम हमले के बाद सुरक्षा के कड़े इंतजाम