सिलेंडर व पेट्रोल की कीमतें बढऩे पर डिप्टी सीएम डीके शिव कुमार ने साधा भाजपा पर निशाना

by TheUnmuteHindi
सिलेंडर व पेट्रोल की कीमतें बढऩे पर डिप्टी सीएम डीके शिव कुमार ने साधा भाजपा पर निशाना

नई दिल्ली, 8 अप्रैल : केंद्र सरकार द्वारा पेट्रोल, डीजल पर उत्पाद शुल्क और रसोई गैस की कीमतें बढ़ाने के बाद कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डी. के. शिवकुमार ने मंगलवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) पर निशाना साधा है। बता दें कि केंद्र सरकार द्वारा एलपीजी सिलेंडर की कीमतें बढ़ाने और पेट्रोल-डीजल पर एक्साइज ड्यूटी बढ़ाने के फैसले पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने भाजपा पर तंज कसा है और भाजपा नेताओं को अपनी ही पार्टी के खिलाफ प्रदर्शन करने की सलाह दी। दरअसल कर्नाटक भाजपा द्वारा राज्य सरकार के खिलाफ जनआक्रोश यात्रा निकाली जा रही है। अब गैस की कीमत बढऩे के बाद कांग्रेस सरकार ही भाजपा पर हमलावर हो गई है। शिवकुमार ने तंज कसते हुए कहा, नमस्कार मेरे भाजपा मित्रों, आप सभी जनआक्रोश यात्रा निकाल रहे हैं, इसके लिए मैं आपको बधाई देता हूं. लेकिन आपकी ही केंद्र सरकार ने पेट्रोल, डीज़ल और गैस के दाम बढ़ा दिए हैं. मेरी शुभकामनाएं आपके साथ हैं, लेकिन अब आपको अपनी जनआक्रोश यात्रा केंद्र की भाजपा सरकार के खिलाफ जारी रखना चाहिए।

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने यात्रा को नाटक बताया

मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने भी सोमवार को भाजपा की इस यात्रा को नाटक करार देते हुए कहा, अब मैं जानना चाहता हूं कि राज्य के भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया क्या है. उन्हें जनता को यह बताना चाहिए कि जब अंतरराष्ट्रीय बाज़ार में कच्चे तेल की कीमतें गिर रही हैं, तब केंद्र सरकार लगातार पेट्रोलियम उत्पादों के दाम क्यों बढ़ा रही है। उन्होंने सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ पर लिखा, महंगाई का बोझ हमारे सिर मढऩे की कोशिश कर रहे भाजपा नेताओं के चेहरे पर प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने खुद स्याही पोत दी है।

You may also like