मुंबई, 8 अप्रैल : मुंबई की एक कोर्ट ने अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के खिलाफ दोबारा जमानती वारंट जारी किया है। बता देें कि यह मामला 2012 का है, जब सैफ अली खान पर एक एनआरआई बिजनेसमैन के साथ मारपीट का आरोप लगा था। मुंबई की एक अदालत ने 2012 में एक प्रवासी भारतीय व्यवसायी से अभिनेता सैफ अली खान द्वारा कथित रूप से मारपीट किए जाने संबंधी मामले में गवाह के तौर पर पेश नहीं होने पर अभिनेत्री मलाइका अरोड़ा के खिलाफ फिर से जमानती वारंट जारी किया है। मलाइका उन लोगों में शामिल थीं जो 22 फरवरी, 2012 को खान के साथ उस पांच सितारा होटल में रात्रि भोज पर गए थे जहां यह कथित घटना हुई। मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (एस्प्लेनेड अदालत) के. एस. झंवर मामले में गवाहों का बयान दर्ज कर रहे हैं।
जानिए क्या है पूरा मामला
जानकारी के अनुसार यह घटना 22 फरवरी 2012 की है। सैफ अली खान अपनी पत्नी करीना कपूर, करिश्मा कपूर, मलाइका अरोड़ा, अमृता अरोड़ा और कुछ दोस्तों के साथ मुंबई के एक फाइव-स्टार होटल में डिनर के लिए गए थे। उसी दौरान एनआरआई बिजनेसमैन इकबाल मीर शर्मा ने सैफ और उनके ग्रुप की तेज आवाज और हंगामे पर आपत्ति जताई। पुलिस के मुताबिक इसके बाद सैफ ने इकबाल मीर शर्मा को धमकी दी और उनकी नाक पर मुक्का मार दिया, जिससे उनकी नाक टूट गई। इकबाल ने ये भी आरोप लगाया कि सैफ और उनके दोस्तों ने उनके ससुर रमन पटेल को भी पीटा।