नई दिल्ली, 3 अप्रैल 2025: उत्तर-पश्चिमी दिल्ली के स्वरूप नगर में एक सात साल की बच्ची की हत्या के मामले में उसके पिता के दोस्त रंजीत सिंह को गिरफ्तार किया गया है। पुलिस के मुताबिक, यह हत्या टीवी रिमोट को लेकर हुए मामूली विवाद के बाद हुई। स्वरूप नगर थाना पुलिस ने आरोपी को नरेला औद्योगिक क्षेत्र से धर दबोचा।
उत्तर-पश्चिमी जिला पुलिस उपायुक्त (DCP) भीष्म सिंह ने बताया कि रंजीत सिंह मूल रूप से बिहार का रहने वाला है और स्वरूप नगर के भट्टा रोड पर रहता था। वह एक फैक्टरी में मजदूर के तौर पर काम करता है। वहां एक घर में बच्ची अचेत अवस्था में जमीन पर पड़ी मिली, जिसके शरीर पर चोट के निशान थे। प्रारंभिक जांच में यौन उत्पीड़न के कोई सबूत नहीं मिले, लेकिन शव को पोस्टमॉर्टम के लिए BJRM अस्पताल, जहांगीरपुरी भेजा गया है।
DCP के अनुसार, घटना वाले दिन रंजीत ने बच्ची के पिता प्रेम सिंह (32) के साथ शराब पी थी। इसके बाद वह घर से चला गया, लेकिन कुछ देर बाद वापस लौटा और टीवी देखने लगा। उस वक्त बच्ची अपने पिता के मोबाइल पर गेम खेल रही थी। इसी दौरान बच्ची ने रिमोट के लिए उसे परेशान किया, जिससे नशे में धुत रंजीत गुस्से में आ गया। उसने बच्ची को थप्पड़ मारा, जिससे वह सोफे से गिर गई और उसके मुंह से खून निकलने लगा। डर और गुस्से में रंजीत ने पास पड़ी एक धातु की रॉड से बच्ची के गले पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने बताया कि इसके बाद रंजीत ने बच्ची के शव को कपड़ों में लपेटकर बिस्तर के नीचे छिपा दिया और प्रेम सिंह का मोबाइल लेकर फरार हो गया।
ये भी देखे: BIG BREAKING: राज्यसभा में वक्फ संशोधन विधेयक पेश