नई दिल्ली, 29 मार्च : अफ्रीकी देश नाइजीरिया से एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां पर भीड़ ने किडनैपर होने के शक में 16 लोगों की हत्या कर दी। जानकारी के अनुसार अधिकारियों ने शुक्रवार को यह जानकारी दी। पुलिस प्रवक्ता मोसेस यामू ने एक बयान में बताया कि सभी पीडि़तो को एडो राज्य के यूरोमी क्षेत्र में स्थानीय सुरक्षा कर्मियों द्वारा रोके जाने के बाद उनकी हत्या कर दी गई।उन्होंने बताया कि सभी पीडि़त उत्तरी नाइजीरिया के रहने वाले थे। सोशल मीडिया पर साझा किए गए वीडियो में देखा गया कि भीड़ ने पीडि़तों को प्रताडि़त किया और पुराने वाहनों के टायर उनके सिर और कंधे पर रखकर उनमें आग लगा दी।
सोशल मीडिया पर आक्रोश
हमले के बाद सोशल मीडिया पर जबरदस्त आक्रोश देखने को मिल रहा है। नाइजीरिया के उत्तरी हिस्से के राजनेताओं ने इन हत्याओं की कड़ी निंदा की है। यह भी ध्यान देने योग्य है कि नाइजीरिया में ऐसी घटनाएं पहले भी घट चुकी हैं। 2012 में, रिवर स्टेट की राजधानी पोर्ट हरकोर्ट यूनिवर्सिटी के चार छात्रों को लुटेरा होने के शक में बेरहमी से पीट-पीट कर मार डाला गया था। उस समय भी पूरे देश में भारी गुस्सा और आक्रोश फैल गया था, और न्यायिक प्रणाली के बारे में तीव्र बहस शुरू हो गई थी। कई लोगों का मानना है कि उस घटना में मारे गए पीडि़तों को कभी सच्चा न्याय नहीं मिला।