रोहतक,22मार्च 2025: रोहतक के थाना लखन माजरा क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक दुखद सड़क हादसा हुआ है । जिसमें एक पुलिसकर्मी की मौत हो गई है। ड्यूटी पर जा रहे सुरेंद्र नाम के पुलिसकर्मी की स्कूटी को एक वाहन ने टक्कर मार दी जिसका अब तक पता नहीं चला है। इससे वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे ।
इलाज के दौरान हुई मौत
आस पास के रहने वाले लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी और फिर पुलिस ने सुरेंद्र को पीजीआई अस्पताल में भर्ती कराया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पुलिस प्रवक्ता ने बताया कि सुरेंद्र पुलिस विभाग में ईएसआई के पद पर थे और एक जज की सुरक्षा में तैनात थे।
वह पुलिस लाइन में रहते थे और ड्यूटी के लिए जा रहे थे तभी लखन माजरा थाना क्षेत्र में किसी वाहन ने उन्हे टक्कर मार दी और उसके बाद आरोपी वाहन चालक मौके से फरार हो गया।
पुलिस ने अज्ञात वाहन चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश जारी है। इस घटना से पुलिस विभाग और उनके सहकर्मियों में गहरा शोक है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी का पता लगा कर उसको गिरफ्तार कर लिया जाएगा।