चंडीगढ़, 20 मार्च: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी ने विधानसभा के बजट सत्र में घोषणा की कि अगले छह महीने में प्रदेश की कोई भी सड़क टूटी हुई नहीं रहेगी। उन्होंने यह बयान विपक्ष द्वारा सड़कों की खराब स्थिति को लेकर उठाए गए सवालों के जवाब में दिया। सरकार सभी सड़कों का नवीनीकरण कर आमजन को बेहतर सुविधाएं देने और प्रदेश के विकास को गति देने का कार्य करेगी।
बरोदा क्षेत्र की सड़कों पर उठे सवाल
कांग्रेस विधायक इंदुराज नरवाल ने सदन में बरोदा क्षेत्र की सड़कों की स्थिति पर सवाल उठाया। उन्होंने पूछा कि वहां कितनी सड़कों का रखरखाव हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड के अधीन आता है और पिछले तीन साल में इनकी मरम्मत व निर्माण के लिए कितनी राशि स्वीकृत की गई है। इसके साथ ही उन्होंने यह भी जानना चाहा कि इनकी मरम्मत कब तक पूरी होगी।
इस पर हरियाणा के कृषि मंत्री श्याम सिंह राणा ने जानकारी दी कि बरोदा क्षेत्र में हरियाणा राज्य कृषि विपणन बोर्ड द्वारा कुल 232.90 किलोमीटर लंबाई की 67 सड़कों का रखरखाव किया जा रहा है। पिछले तीन वर्षों में 26.73 किलोमीटर लंबाई की नौ सड़कों के निर्माण और विशेष मरम्मत के लिए 5.48 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति जारी की गई है।
12 सड़कों की विशेष मरम्मत के लिए 11.20 करोड़ रुपए स्वीकृत
कृषि मंत्री ने यह भी बताया कि समय के साथ और भारी वाहनों के लगातार आवागमन के कारण 46.44 किलोमीटर लंबाई की 12 सड़कों की विशेष मरम्मत की आवश्यकता है। इसके लिए सरकार ने 11.20 करोड़ रुपए की प्रशासनिक स्वीकृति मार्च 2025 में जारी की है।
ये भी देखे: करनाल जिले में अपराधों में बढ़ोतरी, बाइक सवार बदमाशों ने मचाया उत्पात, तोड़ीं दर्जनों गाड़ियों के शीशे