मंत्री अनिल विज ने कारण बताओ नोटिस पर कहा, घर जाकर देंगे जवाब
कहा, मैं तीन दिन से बेंगलुरु में था
हरियाणा, 12 फरवरी : हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने आज हवाई अड्डे के बाहर पत्रकारों से बातचीत में कहा कि वह पिछले तीन दिन से बेंगलुरु में थे और घर पहुंचने के बाद अपना जवाब तैयार करेंगे। बता दें कि मंगलवार को विज ने कहा कि वह मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और भाजपा की प्रदेश इकाई के अध्यक्ष मोहन लाल बडौली पर बार-बार निशाना साधने को लेकर पार्टी द्वारा उन्हें जारी कारण बताओ नोटिस का जवाब देंगे। बडौली ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष के निर्देश पर सोमवार को विज को नोटिस जारी किया गया और पार्टी ने मंत्री से तीन दिन के भीतर लिखित जवाब मांगा है। तीन दिन की यात्रा के बाद बेंगलुरु से चंडीगढ़ पहुंचे हरियाणा के बिजली, परिवहन और श्रम मंत्री अनिल विज ने कहा कि कारण बताओ नोटिस मीडिया के माध्यम से मेरे संज्ञान में आया है। लेकिन इसका जवाब मैं मीडिया के माध्यम से नहीं दूंगा। मुझे पार्टी को जवाब देना है। उन्होंने कहा कि मैं तीन दिन से बेंगलुरु में था। मैं अभी वहां से आया हूं। घर जाऊंगा। ठंडे पानी से नहाऊंगा। रोटी खाऊंगा। बैठकर मैं जवाब लिखूंगा और हाईकमान को भेजूंगा। मुझे नहीं पता कि क्या किसकी सहमति से हुआ है। वहीं, इस बीच मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी और मोहन लाल बडौली ने मंगलवार को दिल्ली पहुंचकर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा तथा केंद्रीय मंत्री मनोहर लाल से मुलाकात की।
मंत्री अनिल विज ने कारण बताओ नोटिस पर कहा, घर जाकर देंगे जवाब
कहा, मैं तीन दिन से बेंगलुरु में था
47