हमें वैश्विक चुनौतियों पर रखनी होगी नजर : अमित शाह
भारत पोल पोर्टल किया लांच
नई दिल्ली, 8 जनवरी : केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने एक समागम दौरान कहा कि ‘अब समय आ गया है कि भारत से फरार हुए भगोड़ों को पकडऩे और उन्हें न्याय के कटघरे में लाने के लिए हम आधुनिक तकनीकों का इस्तेमाल करें। हमें वैश्विक चुनौतियों पर नजर रखनी होगी और अपनी आंतरिक प्रणालियों को अपडेट करना होगा। भारतपोल उस दिशा में एक कदम है। बता दें कि अमित शाह ने जांच एजेंसियों के लिए ‘भारतपोल’ पोर्टल लांच किया है। यहां भारत मंडपम में शाह ने कहा कि सीबीआई द्वारा विकसित इस पोर्टल की सबसे महत्वपूर्ण विशेषता ‘रीयल टाइम इंटरफेस’ है। इसकी मदद से केंद्रीय व राज्य एजेंसियां आसानी से इंटरपोल से जुड़ सकेंगी और जांच में तेजी ला सकेंगी।
इंटरनेशनल पुलिस से मिलेगी तुरंत मदद
जानकारी के अनुसार सीबीआई ही इंटरपोल के साथ काम करने वाली एकमात्र एजेंसी थी, लेकिन भारतपोल के लॉन्च के साथ, हर भारतीय एजेंसी और सभी राज्यों की पुलिस आसानी से इंटरपोल से जुड़ पाएगी। इससे भारत की अलग-अलग जांच एजेंसियों को अपनी जांच के लिए इंटरनेशनल पुलिस से तुरंत मदद मिलेगी। इस पोर्टल के जरिए राज्यों की पुलिस भी विदेश भाग चुके अपराधियों और उनके क्राइम की डिटेल्स इंटरपोल से मांग सकेंगी। शाह ने कहा कि इससे हमारे देश की जांच एजेंसियां दूसरे देशों की पुलिस से बहुत आसानी से मदद ले सकेंगी। पहले सिर्फ सीबीआई ही इंटरपोल से जुडक़र दूसरे देशों की पुलिस से मदद मांग सकती थी। लेकिन अब भारतपोल के जरिए सभी राज्य पुलिस और अन्य एजेंसियां भी इंटरपोल से सीधे जुड़ सकेंगी। अब तक अगर किसी एजेंसी को विदेश में छिपे किसी अपराधी को भारत लाना होता था, तो उन्हें सीबीआई से संपर्क करना पड़ता था।
82