भाजपा के सत्ता में आने पर नहीं बंद की जाएगी कल्याणकारी योजना : प्रधानमंत्री मोदी
कहा, भाजपा भ्रष्टाचार को करेगी खत्म
नई दिल्ली, 6 जनवरी : दिल्ली के रोहिणी में भाजपा की ‘परिवर्तन रैली’ को संबोधित करते हुए देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा कि अगर विधानसभा चुनाव में भाजपा सत्ता में आई तो कोई भी जन कल्याणकारी योजना बंद नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार एक कदम आगे बढ़ेगी और योजनाओं के कार्यान्वयन में भ्रष्टाचार को खत्म करेगी। आप पर वार करते हुए मोदी ने कहा कि दिल्ली चुनाव में अपनी हार को देखते हुए उन्होंने झूठ फैलाना शुरू कर दिया है कि अगर बीजेपी आएगी तो इसे रोक दिया जाएगा, उसे रोक दिया जाएगा। मोदी ने साफ तौर पर कहा कि ऐसा कुछ भी नहीं किया जाएगा।
दिल्ली के रोहिणी में भाजपा की ‘परिवर्तन रैली’ को संबोधित करते हुए प्रधानमंत्री ने पार्टी उम्मीदवारों के लिए आगामी विधानसभा चुनाव में दिल्ली का दिल जीतने का सबसे ‘‘स्वर्णिम अवसर’’ बताया और जनता से दिल्ली को ‘‘आप-दा’’ से मुक्ति दिलाने का आह्वान किया। उन्होंने कहा, ‘‘बीते 10 साल में दिल्ली ने जिस तरह की राज्य सरकार देखी है, वह किसी ‘आप-दा’ से कम नहीं है। यह एहसास आज दिल्ली वालों को अच्छे से हो चुका है। इसलिए अब दिल्ली में एक ही आवाज गूंज रही है- ‘आप-दा’ नहीं सहेंगेज् बदल के रहेंगे।’’
केंद्र ही करवा सकती है राष्ट्रीय राजधानी का विकास
प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से कहा कि दिल्ली के उज्ज्वल भविष्य के लिए वे भाजपा को अवसर दें क्योंकि केंद्र की सत्ताधारी पार्टी (भाजपा) ही राष्ट्रीय राजधानी का विकास कर सकती है। पूर्वोत्तर के राज्यों, ओडिशा, महाराष्ट्र सहित कई प्रदेशों में भाजपा की चुनावी जीत का जिक्र करते हुए मोदी ने विश्वास जताया कि इस बार दिल्ली विधानसभा चुनाव में भी भाजपा की जीत होगी क्योंकि लोगों का पूर्ण समर्थन उनके साथ है।
भाजपा के सत्ता में आने पर नहीं बंद की जाएगी कल्याणकारी योजना : प्रधानमंत्री मोदी
कहा, भाजपा भ्रष्टाचार को करेगी खत्म
52
previous post