कांग्रेस ने दिल्ली में प्यारी दीदी योजना का किया अनावरण
दिल्ली में सरकार बनने के बाद किया जाएगा लागू : डीके शिवकुमार
नई दिल्ली, 6 जनवरी : दिल्ली में विधानसभा चुनाव को लेकर जहां भाजपा और आम आदमी पार्टी द्वारा जोर अजमाइश की जा रही है, वहीं कांग्रेस द्वारा भी अहम भूमिका अदा की जा रही है। आज कांग्रेस के उच्च नेताओं ने भी दिल्ली के लोगों के लिए एक योजना का ऐलान कर दिया है। जानकारी के अनुसार कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री और वरिष्ठ कांग्रेस नेता डीके शिवकुमार ने सोमवार को दिल्ली चुनाव से पहले पार्टी के अभियान के हिस्से के रूप में प्यारी दीदी योजना का अनावरण किया, जिसका उद्देश्य महिलाओं को वित्तीय सहायता प्रदान करना है। योजना के तहत पात्र महिलाओं को प्रति माह 2,500 रुपये मिलेंगे। महिला कल्याण के प्रति पार्टी की प्रतिबद्धता पर प्रकाश डालते हुए शिवकुमार ने मतदाताओं को आश्वासन दिया कि दिल्ली में कांग्रेस की सरकार बनने के तुरंत बाद इस पहल को लागू किया जाएगा।
कहा, मुझे उम्मीद कांग्रेस बनाएगी सरकार
लॉन्च इवेंट में बोलते हुए शिवकुमार ने कहा कि आज, मैं ‘प्यारी दीदी’ योजना का शुभारंभ करने के लिए यहां आया हूं। मुझे विश्वास है कि कांग्रेस दिल्ली में सरकार बनाएगी और हम महिलाओं को 2,500 रुपये देंगे।’ यह कैबिनेट की पहली बैठक में ही तय किया जाएगा- उसी मॉडल पर जिसे हमने कर्नाटक में लागू किया था। कांग्रेस नेता ने अपने वादों को पूरा करने के प्रति पार्टी के समर्पण को रेखांकित करने के लिए कर्नाटक में सफलतापूर्वक शुरू किए गए इसी तरह के कल्याण कार्यक्रमों का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ही एक मात्र ऐसी पार्टी है, जोकि लोगों हेतु सही विकास करवा सकती है।