नई दिल्ली, 9 नवंबर : उत्तर प्रदेश के हापुड़ में आज एक गोदाम में लगी भयानक आग के कारण बड़ा नुकसान होने का समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार एक रिफाइंड तेल के गोदाम में अचानक भीषण आग लग गई, जिससे इलाके में हडक़ंप मच गया। आग की सूचना पर दमकल विभाग तुरंत सक्रिय हुआ, और 6 दमकल गाडिय़ां आग पर काबू पाने के प्रयास में जुटी हैं। हापुड़ के मुख्य अग्निशमन अधिकारी मनु शर्मा ने बताया कि बाबूगढ़ छावनी के वार्ड नंबर 4 में स्थित इस गोदाम में आग लगने की सूचना मिली थी। घटनास्थल पर पहुंचने पर पाया गया कि आग रिफाइंड तेल के गोदाम में फैली है, जिससे स्थिति और भी चुनौतीपूर्ण हो गई। अधिकारी ने बताया, अभी तक 50 प्रतिशत आग पर काबू पाया जा चुका है, और दमकल कर्मियों का कार्य लगातार जारी है। इस आग के कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है, जबकि दमकल विभाग ने आसपास के क्षेत्र को खाली करवा दिया है ताकि किसी प्रकार की अनहोनी से बचा जा सके लेकिन अचानक इस आग के कारण काफी नुकसान होने का अनुमान है।
उत्तर प्रदेश के हापुड़ में तेल के गोदाम में लगी भयानक आग
62