69
नई दिल्ली, 22 अक्तूबर : भारी बारिश के चलते बंगलूरू की कई सडक़ों पर घुटनों तक पानी भर गया है, जिससे यातायात और आवागमन बुरी तरह प्रभावित हुआ है। बंगलूरू ट्रैफिक पुलिस के उत्तर पूर्वी क्षेत्र के एसीपी ने सोशल मीडिया पर एक पोस्ट कर लोगों को कोगिलु जंक्शन से आईएएफ की तरफ जाने वाली सडक़ के बंद होने की जानकारी दी है। उन्होंने कहा कि जलभराव के चलते सडक़ बंद है और वहां राहत और बचाव कार्य चल रहा है। बीती रात हुई भारी बारिश के चलते शहर भर में जलभराव की स्थिति बन गई है। कई सडक़ें जलभराव की वजह से बंद हैं और लोगों को सुरक्षित निकालने के लिए प्रशासन ने सडक़ों पर नौकाएं उतार दी हैं। इसे लेकर सोशल मीडिया पर काफी कुछ कहा जा रहा है और लोग खराब आधारभूत ढांचे को लेकर प्रशासन पर नाराजगी निकाल रहे हैं।