करवाचौथ वाले दिन पति पत्नी ने की आत्महत्या

by TheUnmuteHindi
करवाचौथ वाले दिन पति पत्नी ने की आत्महत्या

नई दिल्ली, 21 अक्तूबर : दिल्ली में करवाचौथ वाले दिन पति पत्नी द्वारा आत्महत्या किए जाने का दुखद समाचार प्राप्त हुआ है। जानकारी के अनुसार करवा चौथ वाले दिन पति-पत्नी के बीच हुए झगड़े के बाद, पत्नी मोनिका (35) ने ट्रेन के आगे कूदकर आत्महत्या कर ली, और इस मंजर को देखकर पति घनश्याम (38) ने घर आकर फांसी लगाकर अपनी जान दे दी। इस घटना ने इलाके में शोक की लहर पैदा कर दी है। घनश्याम बुनकर, जो नेटवर्किंग मार्केटिंग कंपनी में काम करता था, अपनी पत्नी मोनिका और दो बच्चों, आयुष (13) और निक्की (8), के साथ हरमाड़ा इलाके के नांगल सिरस गांव में रहता था। करवा चौथ की रात दोनों के बीच पति के देर से घर आने को लेकर कहासुनी हो गई, जो धीरे-धीरे झगड़े में बदल गई। गुस्से में मोनिका घर से बाहर चली गई और उसके पीछे-पीछे घनश्याम भी निकल पड़ा। रात करीब 12:30 बजे, जयरामपुरा पुलिया के पास मोनिका ने ट्रेन के आगे छलांग लगा दी, जिससे उसके शरीर के टुकड़े-टुकड़े हो गए। यह दिल दहला देने वाला दृश्य देखकर घनश्याम टूट गया और घर लौटकर उसने अपने भाई को एक आखिरी वॉट्सऐप मैसेज भेजा। मैसेज में उसने माफी मांगते हुए घर में साड़ी का फंदा बनाकर खुदकुशी कर ली। पुलिस द्वारा इस मामले की जांच की जा रही है।

You may also like