बांगुई, 26 जून 2025: सेंट्रल अफ्रीकी गणराज्य की राजधानी बांगुई में 25 जून 2025 को बार्थेलेमी बोगांडा हाई स्कूल में हुए एक दर्दनाक हादसे में कम से कम 29 छात्रों की मौत हो गई और 260 से अधिक घायल हो गए। यह हादसा तब हुआ, जब स्कूल परिसर में खराब हुए विद्युत ट्रांसफॉर्मर को ठीक करने के दौरान उसमें विस्फोट हो गया, जिसके बाद परीक्षा दे रहे छात्रों में अफरातफरी मच गई और भगदड़ में यह त्रासदी हुई।
राष्ट्रीय शिक्षा मंत्रालय के अनुसार, हादसे के समय स्कूल में करीब 5,300 छात्र बैकलॉरिएट (उच्चतर शिक्षा) की परीक्षा दे रहे थे। मरने वालों में 16 छात्राएं शामिल हैं, और अधिकांश मौतें भगदड़ के दौरान दबने या गिरने से हुईं। कुछ छात्रों ने पहली मंजिल से कूदने की कोशिश की, जिससे चोटें और गंभीर हुईं। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बताया कि 260 से अधिक घायल छात्रों को बांगुई के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती कराया गया है, जहां कई की हालत गंभीर है।
राष्ट्रपति ने की राष्ट्रीय शोक की घोषणा
राष्ट्रपति फॉस्टिन-आर्केंज तौआदेरा ने इस त्रासदी पर राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है और घायलों के लिए मुफ्त इलाज के आदेश दिए हैं। शिक्षा मंत्री औरोएलियन-सिम्पलिस कोंगबेलेट-जिंगास ने कहा कि इस घटना की परिस्थितियों को स्पष्ट करने के लिए त्वरित जांच शुरू की गई है। एनर्जी सेंट्रलअफ्रीकाइन (ENERCA) की एक टीम ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत कर रही थी, जब यह विस्फोट हुआ। प्रारंभिक जांच में तकनीकी खराबी को कारण माना जा रहा है, लेकिन पूर्ण जांच के लिए विशेषज्ञों की एक समिति गठित की गई है।
ये भी देखे: Austria School Firing: ऑस्ट्रिया के स्कूल में अंधाधुंध गोलीबारी, 9 की मौत