फिरोजपुर में आवारा कुत्तों के हमले से युवक की मौत, लोहड़ी की पार्टी से लाैट रहा था युवक

by Manu
Ferozepur Dog Attack

फिरोजपुर, 14 जनवरी 2026: Ferozepur Dog Attack: फिरोजपुर जिले के गुरुहरसहाय विधानसभा हलके के गांव चक सोमियां में आवारा कुत्तों के हमले से 26 वर्षीय युवक की मौत हो गई। मृतक की पहचान कुलबीर सिंह पुत्र दारा सिंह के रूप में हुई है।

जानकारी के अनुसार, कुलबीर सिंह लोहड़ी की रात गांव के ही एक घर में आयोजित पार्टी में शामिल होने गया था। देर रात जब वह अपने घर लौट रहा था, तो रास्ते में आवारा कुत्तों के झुंड ने उस पर हमला कर दिया। कुत्तों से बचने के प्रयास में युवक खेतों की ओर भागा लेकिन कुत्तों ने उसे बुरी तरह नोच लिया।

सुबह ग्रामीणों ने खेत में कुलबीर का खून से लथपथ शव पड़ा देखा, जिसके बाद पूरे गांव में हड़कंप मच गया। सूचना मिलने पर पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंची। प्राथमिक जांच में पुलिस ने मौत का कारण आवारा कुत्तों का हमला बताया। मृतक के परिजनों से बातचीत के बाद परिवार ने किसी पर कोई शक न होने की बात कही। इसी कारण परिजनों की सहमति से पोस्टमार्टम नहीं करवाने का फैसला लिया गया और अंतिम संस्कार कर दिया गया।

ये भी देखे: लुधियाना के जंगपुर में 8 साल के बच्चे को 7-8 आवारा कुत्तों ने नोच डाला, चंडीगढ़ रेफर

You may also like