शामली, 09 दिसंबर 2025: कलेक्ट्रेट परिसर स्थित निबंधक कार्यालय में मंगलवार दोपहर विजिलेंस टीम ने छापा मारा और एआईजी स्टांप रविंद्र मेहता के साथ उनके सहायक अश्वनी कुमार को रिश्वत लेते गिरफ्तार किया है।
मेरठ विजिलेंस की 12 सदस्यीय टीम ने यह कार्रवाई की। टीम का नेतृत्व सीओ विजिलेंस आजाद सिंह कर रहे थे। तीन गाड़ियों से पहुंची टीम ने ट्रैप लगाया और दोनों को रंगे हाथों धर दबोचा।
दरअसल बधेव गांव का एक किसान कुछ समय पहले जमीन खरीद चुका था। रजिस्ट्री के बाद जांच के नाम पर रविंद्र मेहता और अश्वनी कुमार ने उससे एक लाख रुपये रिश्वत मांगी थी। बार-बार टालमटोल और धमकी से तंग आकर किसान ने विजिलेंस मेरठ में शिकायत दर्ज कराई।
शिकायत मिलते ही विजिलेंस ने तुरंत प्लान बनाया। किसान को नोटों पर केमिकल लगवाया गया और जैसे ही दोनों ने पैसे लिए टीम ने कार्यालय में घुसकर उन्हें पकड़ लिया।
दोनों आरोपी इस समय विजिलेंस हिरासत में हैं। आगे की कार्रवाई जारी है।
ये भी देखे: रिश्वत लिफाफा कांड में एसडीएम राकेश कुमार निलंबित, जांच के लिए कानपुर मंडलायुक्त को जिम्मेदारी