मेरठ,09 जुलाई, 2025: सावन के महीने में हर साल कांवड़िये कांवड़ यात्रा करते हैं। पिछले कुछ सालों से कांवड़ को खंडित किए जाने के कई मामले सामने आए हैं। इसी के चलते उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की पहल पर कांवड़ यात्रा कुशल संपन्न कराने के लिए कई नियम बनाए गए हैं। अब शिवभक्तों का कांवड़ खंडित करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
आस्था को ठेस पहुँचाने वालों पर होगी करवाई
मेरठ के वरिष्ठ अधिवक्ता और शोभित विश्वविद्यालय के प्रोफेसर चौधरी कुलदीप सिंह ने मीडिया को बताया कि कांवड़ को खंडित करने वालों के खिलाफ सीधी कार्रवाई की जाएगी। धार्मिक आस्था से जुड़े होने के चलते अगर कोई भी व्यक्ति इस तरह का काम करता है और उसके खिलाफ रिपोर्ट या शिकायत करवाई जाती है, तो धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचाने के तहत मुकदमा दर्ज किया जाएगा। साथ ही जुर्म साबित होने पर तीन साल तक की जेल भी हो सकती है।
लगाई जाएंगी ये धाराएँ
चौ. कुलदीप सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय दंड संहिता के अंतर्गत धारा 298, 299, 300 के तहत संबंधित व्यक्ति पर कानूनी कार्रवाई की जा सकती है। इसके अंतर्गत जानबूझकर दुर्भावना से किसी भी धार्मिक आस्था को ठेस पहुँचाना आता है। ऐसे में संबंधित व्यक्ति की ओर से इन धाराओं के अंतर्गत कार्रवाई के लिए आवेदन किया जा सकता है।
यह भी पढ़े: SYL Meeting: सतलुज-यमुना लिंक नहर को लेकर दिल्ली में बैठक शुरू