आज की प्लानिंग तय करेगी कल के बिहार के शहरों का स्वरूप – नीतीश मिश्रा

by Manu
नीतीश मिश्रा

पटना, 02 सितंबर 2026: पटना के सभागार में हडको (HUDCO) के सहयोग से “सस्टेनेबल प्लानिंग फॉर टाउन्स इन बिहार : अंडरस्टैंडिंग द प्रोसेस एंड एड्रेसिंग द चैलेंजेज” विषय पर कार्यशाला का आयोजन किया गया। कार्यशाला की अध्यक्षता नगर विकास एवं आवास विभाग के मंत्री नीतीश मिश्रा ने की।

कार्यशाला में बिहार के नगरों के समावेशी, सुव्यवस्थित एवं सतत विकास के लिए प्रभावी शहरी नियोजन की प्रक्रिया, उसकी आवश्यकताओं तथा वर्तमान चुनौतियों पर विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। साथ ही, शहरी नियोजन को अधिक प्रभावी एवं व्यावहारिक बनाने के लिए संभावित समाधानों और भविष्य की कार्ययोजना पर भी चर्चा की गई।

मंत्री ने कहा कि शहरों का विकास केवल बेहतर आवास और जीवन की सुविधाएं उपलब्ध कराने तक सीमित नहीं है, बल्कि विकसित शहर राज्य की अर्थव्यवस्था के महत्वपूर्ण ग्रोथ सेंटर भी बनते हैं। उन्होंने कहा कि सुव्यवस्थित एवं सुविधायुक्त शहर निवेश, रोजगार और आर्थिक गतिविधियों को आकर्षित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

मंत्री नीतीश मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी जी का स्पष्ट विजन है कि बिहार के सभी शहर चरणबद्ध रूप से विकास एवं आर्थिक गतिविधियों के प्रमुख केंद्र के रूप में विकसित हों और राज्य की अर्थव्यवस्था को नई गति प्रदान करें। इस लक्ष्य की प्राप्ति के लिए हमें तात्कालिक आवश्यकताओं तक सीमित न रहते हुए दीर्घकालिक दृष्टिकोण, दूरदर्शी सोच और सुनियोजित शहरी विकास को प्राथमिकता देनी होगी।

उन्होंने अधिकारियों को संबोधित करते हुए कहा कि इस कार्यशाला को केवल अकादमिक अभ्यास न मानें, बल्कि इसे बेहतर नियोजन, प्रभावी क्रियान्वयन और बेहतर शहरों के निर्माण के लिए नई प्रतिबद्धता के अवसर के रूप में लें। उन्होंने HUDCO के अधिकारियों एवं विशेषज्ञों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उनके अनुभव और विशेषज्ञता से अधिकतम लाभ उठाया जाना चाहिए। अधिकारियों को विशेषज्ञों से संवाद करने, प्रश्न पूछने तथा एक-दूसरे की बेस्ट प्रैक्टिस से सीखने की आवश्यकता है।

मिश्रा ने कहा कि बिहार के नगर विकास की जिम्मेदारी संभाल रही युवा टीम पर उन्हें पूरा विश्वास है। उन्होंने कहा कि आज लिए गए निर्णय बिहार की आने वाली पीढ़ियों के शहरों का स्वरूप तय करेंगे। हमारा लक्ष्य ऐसे शहरों का निर्माण होना चाहिए, जो दूरदर्शी नियोजन के साथ विकसित हों, जिम्मेदारी के साथ आगे बढ़ें और बिहार के लोगों की आकांक्षाओं को पूरा करें।

नगर विकास एवं आवास विभाग के प्रधान सचिव विनय कुमार ने कहा कि बिहार में शहरी विकास को नियोजित और टिकाऊ बनाने के लिए आधुनिक तकनीकों तथा जीआईएस आधारित प्लानिंग को बढ़ावा दिया जा रहा है। अधिकारियों को साक्ष्य आधारित योजना तैयार करने और प्राकृतिक संसाधनों के संरक्षण को ध्यान में रखते हुए मास्टर प्लान बनाने के लिए प्रशिक्षित किया जा रहा है।

ये भी देखे: दोषी अधिकारियों पर गिरेगी गाज, मंत्री नीतीश मिश्रा ने फास्ट ट्रैक जांच, फास्ट ट्रैक कार्रवाई के दिए निर्देश

You may also like