भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने स्मृति मंधाना को आयरलैंड के खिलाफ बनाया कप्तान

10 जनवरी से शुरू होगी मैच की सीरिज

by TheUnmuteHindi
भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने स्मृति मंधाना को आयरलैंड के खिलाफ बनाया कप्तान

भारतीय क्रिकेट बोर्ड ने स्मृति मंधाना को आयरलैंड के खिलाफ बनाया कप्तान
10 जनवरी से शुरू होगी मैच की सीरिज
नई दिल्ली, 7 जनवरी : भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने एक विज्ञप्ति में तेज गेंदबाज रेणुका सिंह ठाकुर को जहां विश्राम देने की घोषणा की, वहीं दूसरी ओर नियमित कप्तान हरमनप्रीत कौर को आराम दिए जाने के बाद अनुभवी सलामी बल्लेबाज स्मृति मंधाना को आयरलैंड के खिलाफ इस महीने खेली जाने वाली तीन मैचों की घरेलू एकदिवसीय शृंखला के लिए भारतीय महिला क्रिकेट टीम की कप्तान बनाया गया है। बता दें कि आयरलैंड के खिलाफ तीन मैचों की यह सीरीज 10 जनवरी से शुरू होगी, इसके सभी मैच राजकोट में खेले जायेंगे, जिसको लेकर तैयारी शुरू कर दी गई है। इससे पहले, 35 वर्षीय खिलाड़ी को पिछले साल अक्टूबर में दुबई में महिला टी-20 विश्व कप में पाकिस्तान के खिलाफ मैच के दौरान गर्दन में चोट लग गई थी। मुख्य तेज गेंदबाज रेणुका वेस्टइंडीज के खिलाफ एकदिवसीय श्रृंखला में तीन मैचों में 10 विकेट लेकर श्रृंखला की सर्वश्रेष्ठ खिलाड़ी रहीं। अतीत में पीठ में तनाव फ्रैक्चर के कारण वह परेशान रही थीं, इसलिए आयरलैंड के खिलाफ श्रृंखला के लिए उन्हें आराम देने का कदम उनके कार्यभार को कम करने के लिए हो सकता है।
दीप्ति शर्मा को बनाया उपकप्तान
हरमनप्रीत और रेणुका को आराम दिए जाने के बाद भारत ने बल्लेबाज राघवी बिष्ट को टीम में शामिल किया है, जिन्होंने पिछले महीने नवी मुंबई में वेस्टइंडीज के खिलाफ टी-20 अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में पदार्पण किया था। इसके अलावा तेज गेंदबाज सयाली सतघरे को भी टीम में शामिल किया गया है, जो पिछले साल अहमदाबाद में न्यूजीलैंड के खिलाफ 2-1 से जीत के समय टीम में थीं। नियमित कप्तान हरमनप्रीत की अनुपस्थिति में स्मृति मंधाना टीम की कमान संभालेंगी जबकि दीप्ति शर्मा को उपकप्तान बनाया गया है।

You may also like