चंडीगढ़, 05 सितंबर 2025: गोवा की जिला अदालत ने भाजपा नेता सोनाली फोगाट की मौत के मामले में आरोपी सुखविंदर सिंह को विदेश यात्रा की अनुमति दे दी है। सुखविंदर का पासपोर्ट अब उसे वापस कर दिया जाएगा। गुरुवार को हुई सुनवाई में सुखविंदर के वकील सुखवंत सिंह ने अदालत को बताया कि उनका मुवक्किल 9 से 13 सितंबर तक इंडोनेशिया के बाली, फिर 17 सितंबर तक चंगू और 22 सितंबर तक उलुवातू में रहेगा।
अदालत ने शर्त रखी है कि सुखविंदर को 23 सितंबर तक भारत लौटना होगा और 24 सितंबर को दोपहर 2:30 बजे से पहले कोर्ट में पेश होना अनिवार्य है। इस फैसले से सोनाली फोगाट के भाई रिंकू ढाका नाराज हैं। उन्होंने कहा कि वे दो साल से सोनाली की गाड़ियों को वापस दिलाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन उनकी मांग पर कोई सुनवाई नहीं हो रही। वहीं, आरोपी की अर्जी को एक ही दिन में मंजूर कर लिया गया और उसे विदेश जाने की अनुमति दे दी गई।
ये भी देखें: शिल्पा शेट्टी और राज कुंद्रा पर 60 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, जारी हुआ लुकआउट सर्कुलर