चंडीगढ़, 01 सितंबर 2026: पंजाब और चंडीगढ़ में आज से अगले चार दिन कुछ स्थानों पर बारिश की संभावना है। चंडीगढ़ मौसम विज्ञान केंद्र ने 5 सितंबर तक बारिश का यलो अलर्ट जारी किया है। मंगलवार को पंजाब के 13 जिलों में बारिश हो सकती है। वहीं चंडीगढ़ में आंशिक रूप से बादल छाए रहने के आसार हैं। एक-दो बार बारिश या गरज के साथ बौछारें पड़ सकती हैं।
पिछले कुछ दिनों से बारिश नहीं होने के कारण पंजाब में गर्मी और उमस बढ़ गई है। हालांकि हिमाचल प्रदेश में बारिश के असर से राज्य के औसत तापमान में 0.4 डिग्री की गिरावट दर्ज की गई है। इसके बावजूद पंजाब में तापमान सामान्य से 1.9 डिग्री अधिक बना हुआ है।
राज्य में सबसे अधिक 38.3 डिग्री सेल्सियस तापमान फरीदकोट में दर्ज किया गया। वहीं चंडीगढ़ की आबोहवा इन दिनों काफी अच्छी बनी हुई है। अगस्त में 27 दिन एयर क्वालिटी इंडेक्स (एक्यूआई) 50 से नीचे रहा।
राज्य के पांच जिलों पठानकोट होशियारपुर नवांशहर रूपनगर और मोहाली में कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। वहीं गुरदासपुर अमृतसर कपूरथला जालंधर लुधियाना फतेहगढ़ साहिब और पटियाला में एक-दो स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। हालांकि सोमवार को भी राज्य के करीब नौ जिलों में बारिश की संभावना जताई गई थी लेकिन पठानकोट को छोड़कर कहीं बारिश नहीं हुई। पठानकोट में 1.0 एमएम बारिश दर्ज की गई।
ये भी देखे: पंजाब और चंडीगढ़ में चार दिन भारी बारिश का अलर्ट, यलो अलर्ट जारी