पंजाब यूनिवर्सिटी छात्र संघ चुनाव में अंकित बिढान बने PU के सरताज, ABVP ने दूसरी बार दर्ज की जीत

by Manu
अंकित बिढान

चंडीगढ़, 01 सितंबर 2026: पंजाब यूनिवर्सिटी (पीयू) के छात्र संघ चुनाव में अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) ने लगातार दूसरी बार जीत का परचम फहराया है। अंकित बिढान ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की है। एबीवीपी को स्टूडेंट ऑर्गेनाइजेशन ऑफ इंडिया (सोई) ने समर्थन दिया था। पीयू में भाजपा और शिरोमणि अकाली दल (शिअद) के गठबंधन की जीत को आने वाले समय में होने वाले पंजाब विधानसभा चुनाव के लिए अहम माना जा रहा है।

पीयू के छात्र संघ चुनाव में आम आदमी पार्टी (आप) की स्टूडेंट विंग एसोसिएशन ऑफ स्टूडेंट्स फॉर अल्टरनेटिव पॉलिटिक्स (एएसएपी) दूसरे और कांग्रेस की नेशनल स्टूडेंट्स यूनियन ऑफ इंडिया (एनएसयूआई) तीसरे नंबर पर रही। जीत के बाद अंकित बिढान ने झाडू बिखेरकर जश्न मनाया। पिछले चुनाव में एबीवीपी ने अकेले चुनाव लड़ा था और गौरव वीर सोहल ने प्रधान पद पर जीत दर्ज की थी।

पीयू और उससे जुड़े छह कॉलेजों में सोमवार को सुबह साढ़े 9 से दोपहर 12 बजे तक मतदान हुआ। वोटिंग व काउंटिंग के दौरान पीयू और कॉलेजों में सुरक्षा के व्यापक प्रबंध रहे। सेंटर फॉर द स्टडी ऑफ सोशल इंक्लूजन विभाग के अंकित बिढान ने शुरू से ही बढ़त बनाए रखी और जीत दर्ज की।

अंकित हरियाणा के जींद जिले के रहने वाले हैं। उन्होंने अपने करीबी प्रतिद्वंद्वी एएसएपी के आदिल बराड़ को 512 मतों से हराया। तीसरे स्थान पर एनएसयूआई के गुरमन सिंह सिद्धू रहे। इसके साथ ही उपाध्यक्ष पद पर यूडीएफ-एएसएपी-इनसो गठबंधन के अरमान सिंह भिंडर ने 3,322 वोट हासिल कर जीत दर्ज की। उन्होंने एनएसयूआई की प्रत्याशी आकांक्षा ठाकुर को 504 वोटों से हराया।

सचिव पद पर एनएसयूआई-एसएफ-हिमसू-एचएसए गठबंधन के समर्थन से ध्यान सिंह विजयी रहे। ध्यान सिंह ने अपना नामांकन निर्दलीय उम्मीदवार के तौर पर दाखिल किया था।

ये भी देखें: पंजाब यूनिवर्सिटी में लगातार दूसरी जीत पंजाब के युवाओं के बीच बीजेपी में बढ़ते भरोसे का संकेत – सतनाम सिंह संधू

You may also like