मोहाली, 14 जनवरी 2026: पंजाब का शहरी व आवास विभाग 5,450 करोड़ रुपये की संपत्तियों की नीलामी करने जा रहा है। कैबिनेट मंत्री हरदीप सिंह मुंडियां ने बताया कि मोहाली में ग्रेटर मोहाली एरिया डेवलपमेंट अथॉरिटी (गमाडा) की ओर से 42 संपत्तियों की ई-नीलामी की प्रक्रिया बुधवार से शुरू कर दी गई है। बोलीदाता 11 फरवरी तक फाइनल बोली लगा सकेंगे।
मंत्री ने कहा कि सभी साइटों का आरक्षित मूल्य तर्कसंगत और बाजार मूल्य के अनुरूप तय किया गया है। निवेशकों और आम लोगों को पूरी पारदर्शिता के साथ जानकारी उपलब्ध कराने के लिए एक अलग ई-मेल आईडी भी जारी की जा रही है। ई-ऑक्शन से प्राप्त होने वाले राजस्व का उपयोग गमाडा क्षेत्र में बुनियादी ढांचे के विकास, सड़कें, पार्क, सीवरेज, पानी की आपूर्ति और अन्य जनकल्याणकारी कार्यों पर किया जाएगा।
उन्होंने आगे बताया कि स्वास्थ्य क्षेत्र में करीब 900 करोड़ रुपये का निवेश किया जा रहा है, जिससे न केवल स्वास्थ्य सेवाओं में सुधार होगा बल्कि मेडिकल टूरिज्म को भी बढ़ावा मिलेगा। इसी तरह सूचना प्रौद्योगिकी क्षेत्र में लगभग 300 करोड़ रुपये का निवेश हो रहा है, जिससे युवाओं के लिए नई नौकरियों के अवसर पैदा होंगे और राज्य में आईटी सेक्टर को मजबूती मिलेगी।
ये भी देखे: विधायक कुलवंत सिंह ने विधानसभा में मोहाली के खोखा मार्केट के मुद्दे को उठाया, स्थायी बूथ आवंटन की वकालत की