नई दिल्ली, 19 जुलाई 2025: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अगले सप्ताह चार दिन की विदेश यात्रा पर निकलेंगे, जिसमें वे ब्रिटेन और मालदीव जाएंगे। इस यात्रा का मकसद दोनों देशों के साथ व्यापारिक रिश्तों को मजबूत करना और आपसी संबंधों को नई ऊंचाई देना है।
पहले चरण में 23-24 जुलाई को पीएम मोदी ब्रिटेन का दौरा करेंगे। वहां वे भारत-यूके मुक्त व्यापार समझौते (FTA) पर हस्ताक्षर करेंगे, जो दोनों देशों के लिए बड़ा कदम है। इस समझौते से 99% भारतीय निर्यात पर ब्रिटेन में टैरिफ कम होगा, जिससे भारत को बड़ा फायदा होगा। साथ ही, ब्रिटिश व्हिस्की और कारों जैसे उत्पादों का निर्यात भी आसान होगा।
इसके बाद 25-26 जुलाई को पीएम मोदी मालदीव जाएंगे, जहां वे मालदीव के 60वें राष्ट्रीय दिवस समारोह में मुख्य अतिथि के तौर पर शामिल होंगे। यह दौरा इसलिए भी खास है, क्योंकि हाल के दिनों में मालदीव में कुछ नेताओं के भारत विरोधी बयानों के कारण दोनों देशों के रिश्तों में तनाव देखा गया था। मोहम्मद मुइज्जू सरकार के कार्यकाल में यह पीएम मोदी का पहला मालदीव दौरा होगा। उनकी आखिरी मालदीव यात्रा जून 2019 में हुई थी।
ये भी देखे: पीएम मोदी अर्जेंटीना, ब्राजील समेत 5 देशों के दौरे पर रवाना, BRICS सम्मेलन में होंगे शामिल