चंडीगढ़, 14 मार्च 2026: पानीपत के असंध रोड पर शनिवार को दोपहर के वक्त सरेआम फायरिंग की घटना ने इलाके में दहशत फैला दी। बाइक सवार बदमाशों ने अनेजा पेट्रोल पंप के ठीक सामने स्थित एक मनी एक्सचेंज सेंटर को निशाना बनाते हुए आधा दर्जन से ज्यादा राउंड फायरिंग की। हमलावर मौके से फरार हो गए।
वारदात के बाद पूरे इलाके में अफरा-तफरी मच गई। व्यापारियों और स्थानीय लोगों में भारी रोष है। कई दुकानदारों ने बताया कि फायरिंग के दौरान लोग इधर-उधर भागते दिखे। किसी तरह की जान-माल की हानि नहीं हुई लेकिन घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
पुलिस सूत्रों के अनुसार यह घटना सोची-समझी साजिश का हिस्सा लग रही है। बदमाश शनिवार सुबह से ही दुकान के आसपास रेकी करते दिखे थे। उन्होंने करीब 5 बार इलाके का चक्कर लगाया और सही समय का इंतजार किया। दोपहर के समय जब असंध रोड पर चहल-पहल थी तभी बदमाशों ने हथियार लहराते हुए ताबड़-तोड़ गोलियां बरसानी शुरू कर दीं।
ये भी देखे: पानीपत में व्यापारी से बदमाशों ने एक करोड़ रुपये की मांगी रंगदारी, फायरिंग कर दी धमकी