पानीपत, 07 जनवरी 2026: पानीपत के समालखा में गुड़ मंडी स्थित राजेंद्र गाजर पाक की दुकान पर देर रात पांच बदमाशों ने रंगदारी के लिए फायरिंग की। बदमाशों ने दुकानदार से एक करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी। दुकान के शीशे का दरवाजा टूट गया और दुकानदार के बेटे मनोज को कांच लगने से चोट आई। घायल मनोज को तुरंत समालखा के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
दुकान मालिक राजेंद्र ने बताया कि उनके बेटे मनोज दुकान पर बैठे थे, तभी दो युवक अंदर आए। उन्होंने शीलू डाहर का नाम लेकर एक करोड़ रुपये की मांग वाली पर्ची थमाई। पैसे न देने पर अंजाम भुगतने की धमकी दी। बाहर खड़े उनके तीन साथियों ने गेट पर फायरिंग शुरू कर दी। एक ने दो और दो ने एक-एक गोली चलाई। हमलावर मौके से फरार हो गए।
वारदात की सूचना मिलते ही डीएसपी नरेंद्र कादियान और थाना प्रभारी गुलशन राणा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल से सीसीटीवी फुटेज बरामद की और बदमाशों की तलाश में इलाके में नाकाबंदी कर दी।
प्रभारी गुलशन राणा ने बताया कि अज्ञात बदमाशों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर लिया गया है।
ये भी देखे: हरियाणा न्यूज: पानीपत में बैंक ऑफ बड़ौदा में हुई फायरिंग, एक घायल