चंडीगढ़, 26 मई 2026: शातिर तरीके से बैंकों और आम लोगों को लूटने वाला निरपाल सिंह बडि़ंग आखिरकार चंडीगढ़ पुलिस के हत्थे चढ़ गया है। चंडीगढ़ पुलिस की ईओ विंग ने निरपाल बडि़ंग को ढाई करोड़ रुपये के फ्रॉड केस में पकडक़र सलाखों के पीछे भेज दिया है। उल्लेखनीय है कि निरपाल सिंह बडि़ंग के खिलाफ पंजाब के विभिन्न थानों में करीब एक दर्जन फ्रॉड केस दर्ज हैं। इतना ही नहीं, कई चेक बाउंस मामलों में भी वह भगोड़ा है।
चंडीगढ़ पुलिस की ईओ विंग के अधिकारियों ने बताया कि निरपाल बडि़ंग को इस समय जेल भेजा जा चुका है। निरपाल सिंह बडि़ंग के खिलाफ चंडीगढ़ के ईस्ट सेक्टर-26 थाने में एफआईआर नंबर 0016, वर्ष 2022 में दर्ज हुई थी।
हमेशा ही धोखाधड़ी करके निरपाल बडि़ंग लोगों को शातिर दिमाग से लूटता है और इस केस में भी निरपाल बडि़ंग ने अपनी पटियाला स्थित कोठी और राजपुरा स्थित एक बूथ की रजिस्ट्रियों की रंगीन फोटोस्टेट करवा कर इंडियन ओवरसीज बैंक चंडीगढ़ सेक्टर-26 से ढाई करोड़ रुपये का लोन कम लिमिट ले लिया था। बाद में उसने यह लोन नहीं भरा, जिसके बाद इंडियन ओवरसीज बैंक ने चंडीगढ़ पुलिस को इसके खिलाफ आवेदन दिया और बाकायदा इस केस की जांच के बाद निरपाल बडि़ंग, उसके भाई नरेंद्र सिंह और बैंक की शाखा के मैनेजर अदरेश कुमार के खिलाफ धोखाधड़ी, जाली रजिस्ट्रियां बैंक में जमा करवाने और अन्य आरोपों के तहत धारा 420, 467, 468, 471 और 120-बी आईपीसी के तहत मामला दर्ज हो गया था।
निरपाल बडि़ंग उसके बाद चंडीगढ़ पुलिस के साथ लुकाछिपी का खेल खेलता रहा। आखिर बैंक द्वारा लगातार शिकंजा कसने के बाद चंडीगढ़ पुलिस ने छापेमारी करके उसे उसके घर से गिरफ्तार कर लिया। अधिकारियों ने बताया कि इंडियन ओवरसीज बैंक में जिन रजिस्ट्रियों को रखकर इसने लोन कम लिमिट करवाया था, उन्हीं रजिस्ट्रियों पर यह कुछ साल पहले एचडीबी एफएसएल (एचडीबी फाइनेंशियल सर्विस लिमिटेड) से भी कई करोड़ का लोन ले चुका था और उन्हीं रजिस्ट्रियों को फोटोस्टेट करवा कर जाली बनाकर उस शाखा मैनेजर के साथ मिलकर इसने दोबारा लोन करवाया और उसे भरा ही नहीं।
हम कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेंगे – ए वेंकटेश
इस संबंध में जब चंडीगढ़ पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी और ईओ विंग के इंचार्ज ए. वेंकटेश से बातचीत की गई तो उन्होंने कहा कि चंडीगढ़ पुलिस अपराधियों के खिलाफ पूरी सख्ती से काम कर रही है और धोखाधड़ी व फ्रॉड के मामले में निरपाल को गिरफ्तार किया जा चुका है। इसके खिलाफ हम कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई करेंगे। इस संबंध में थाना ईस्ट सेक्टर-26 के इस केस को देख रहे आईओ जगपाल सिंह का कहना है कि निरपाल इस समय सेंट्रल जेल में है। उसे कोर्ट में पेश किया जाएगा और कानून अपना काम करेगा। किसी भी अपराधी को बख्शा नहीं जाएगा।
शातिर दिमाग के मालिक निरपाल बडि़ंग के खिलाफ पंजाब में भी लगभग एक दर्जन मामले दर्ज हैं और कई मामलों में यह भगोड़ा है तथा पंजाब पुलिस को भी कई मामलों में इसकी तलाश है।