चंडीगढ़, 07 अगस्त 2025: शिरोमणि अकाली दल (SAD) के वरिष्ठ नेता बिक्रम सिंह मजीठिया की मुश्किलें बढ़ती जा रही हैं। आय से अधिक संपत्ति मामले में हाल ही में गिरफ्तारी के बाद अब उनके खिलाफ एक नई FIR दर्ज की गई है। इस बार उन पर विजिलेंस विभाग की छापेमारी के दौरान सरकारी कार्य में बाधा डालने का गंभीर आरोप लगा है।
25 जून 2025 को पंजाब विजिलेंस ब्यूरो ने मजीठिया के अमृतसर स्थित आवास सहित पंजाब में 25 स्थानों पर छापेमारी की थी। इस दौरान उन्हें आय से अधिक संपत्ति के मामले में गिरफ्तार किया गया था। छापेमारी के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे, जिनमें मजीठिया और उनकी पत्नी, अकाली विधायक गनीव कौर मजीठिया, विजिलेंस अधिकारियों से तीखी बहस करते दिखे। उन्होंने अधिकारियों पर बिना सूचना घर में घुसने और बच्चों को डराने का आरोप लगाया था।
अब उसी घटना के आधार पर अमृतसर पुलिस ने मजीठिया और उनके समर्थकों के खिलाफ नई FIR दर्ज की है। सूत्रों के मुताबिक, FIR में कहा गया है कि मजीठिया ने छापेमारी के दौरान विजिलेंस टीम के काम में हस्तक्षेप किया और उन्हें कर्तव्य निभाने से रोका। यह कार्रवाई तब हुई जब विजिलेंस आय से अधिक संपत्ति और 540 करोड़ रुपये से अधिक के कथित ड्रग मनी लॉन्ड्रिंग की जांच कर रही थी।
ये भी देखे: बिक्रम मजीठिया की जमानत पर मोहाली कोर्ट ने अपना फैसला 4 अगस्त के लिए रखा सुरक्षित