मुंबई, 20 मई 2025: IPL 2025 अब अपने आखिरी दौर में है। प्लेऑफ के लिए तीन टीम आरसीबी, पंजाब किंग्स और गुजरात टाइटन्स ने अपनी जगह पक्की कर ली है। अब आखिरी और चौथे स्थान के लिए मुंबई और दिल्ली में कड़ा मुकाबला है। ऐसे में हार्दिक पांड्या की कप्तानी वाली मुंबई इंडियंस टीम ने प्लेऑफ के लिए क्वालीफाई करने के लिए बड़ा बदलाव किया है। जिसमें मुंबई इंडियंस ने प्लेऑफ से पहले तीन खिलाड़ियों को बदल दिया है।
प्लेऑफ से पहले, पांच बार की चैंपियन मुंबई इंडियंस ने विल जैक्स, कॉर्बिन बोश और रयान रिकेल्टन की जगह जॉनी बेयरस्टो, चरिथ असलंका और रिचर्ड ग्लीसन को शामिल किया है।
जॉनी बेयरस्टो, चरिथ असलंका और रिचर्ड ग्लीसन का कैरियर
जॉनी बेयरस्टो ने इंग्लैंड के लिए कुल 287 मैच खेले हैं। वह आईपीएल में सनराइजर्स हैदराबाद और पंजाब किंग्स जैसी टीमों का भी हिस्सा रह चुके हैं।
चरिथ असलंका वर्तमान में वनडे और टी20 प्रारूपों में श्रीलंका के कप्तान हैं और उन्होंने अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में 134 बार देश का प्रतिनिधित्व किया है। जबकि रिचर्ड ग्लीसन ने इंग्लैंड के लिए 6 टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच खेले हैं और वह डेथ ओवरों में अपनी सटीक गेंदबाजी के लिए जाने जाते हैं।
मुंबई इंडियंस ऐसे पहुंच सकती है प्लेऑफ
अब प्लेऑफ में चौथे स्थान के लिए केवल दो टीमें प्रतिस्पर्धा कर रही हैं। ये दो टीमें मुंबई इंडियंस और दिल्ली कैपिटल्स हैं। अब 21 मई को मुंबई और दिल्ली के बीच होने वाला मैच वर्चुअल नॉकआउट होगा। अगर दिल्ली की टीम यह मैच हार जाती है तो वह प्लेऑफ की दौड़ से बाहर हो जाएगी। मुंबई भी दिल्ली वाला मैच हर हाल में जीतना चाहेगी।
ये भी देखे: 6 फीट 8 इंच लंबा तेज गेंदबाज ब्लेसिंग मुजरबानी RCB में हुआ शामिल