मोहाली, 28 अप्रैल 2026: पंजाब पुलिस ने ट्राईसिटी (चंडीगढ़, मोहाली और पंचकूला) में सक्रिय चोरी और लूटपाट के एक बड़े गिरोह का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने इस गिरोह के पांच सदस्यों को गिरफ्तार किया है।
ये आरोपी रेकी करने के बाद दुकानों में चोरी और लूट की वारदातों को अंजाम देते थे। पुलिस का मानना है कि इनकी गिरफ्तारी से कई अन्य चोरी के मामलों का भी खुलासा हो सकता है। फिलहाल चोरी के सामान की रिकवरी और गिरोह के बाकी सदस्यों की तलाश जारी है।
एसएसपी हरमंदेप सिंह हंस ने बताया कि गिरफ्तार किए गए पांचों आरोपियों में अजय कुमार और विक्की उर्फ सागर मिर्च मंडी राजपुरा के रहने वाले हैं। नसीब कुमार उर्फ माल्टा और गोपी उर्फ सिल्लू लालड़ू की ढेहा कॉलोनी के रहने वाले हैं, जबकि साजन उर्फ बिंदर बनूड़ के खटीक मोहल्ला का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार विक्की और अजय पर पहले से ही डकैती, चोरी, स्नैचिंग और NDPS एक्ट के 9-10 मामले दर्ज हैं। गोपी उर्फ सिल्लू पर भी स्नैचिंग का एक मामला दर्ज है।
जांच में पता चला कि 20-21 अप्रैल की रात को इन आरोपियों ने एक इलेक्ट्रिकल दुकान में लूट की वारदात को अंजाम दिया था। आरोपी ऑटो-रिक्शा और मोटरसाइकिल पर सवार होकर दुकान पहुंचे थे। उन्होंने दुकानदार की आंखों पर पट्टी बांधकर उसकी बेरहमी से पिटाई की और दुकान से पानी की मोटर, बैटरियां, केबल समेत अन्य सामान चोरी कर ले गए थे।
ये भी देखे: Mohali Crime: मोहाली पुलिस ने अवैध हथियार के साथ एक व्यक्ति को किया गिरफ्तार