पटियाला, पंजाब में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट का उद्घाटन: कचरा प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा कदम
पटियाला, 6 सितंबर – इंडियन पॉल्यूशन कंट्रोल एसोसिएशन (आईपीसीए) एवं एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड ने संयुक्त रूप से पटियाला के फोकल पॉइंट इंडस्ट्रियल एरिया में 10 टन प्रतिदिन क्षमता वाले मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी (एमआरएफ) और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग फैसिलिटी (पीआरएफ) का आज शुभारंभ किया। ये सुविधाएं एसबीआई कार्ड्स की सीएसआर पहल ‘प्रोजेक्ट मास ‘ के अंतर्गत विकसित की गई हैं, जिसे 2021 से आईपीसीए द्वारा लागू किया जा रहा है। यह प्लास्टिक रीसाइक्लिंग फैसिलिटी प्रोजेक्ट मास के अंतर्गत दूसरी बड़ी उपलब्धि है, इससे पहले ग्रेटर नोएडा, उत्तर प्रदेश में पहली सुविधा स्थापित की गई थी। पटियाला की इस नई प्लांट की खासियत यह है कि यह शहर में पहली ऐसी सुविधा है जो प्लास्टिक कचरे को लैंडफिल पहुँचने से रोकने में और कचरा प्रबंधन को प्रोत्साहित करने में मददगार होगी।
इस प्रोजेक्ट का उद्देश्य प्लास्टिक रीसाइक्लिंग की प्रणाली को मजबूत करने तथा सोसाइटीज़ में गीला कूड़ा प्रबंधन को लागू करने पर है। इसके साथ ही स्रोत पर कूड़ा पृथक्करण के प्रति जागरूकता फैलाना और कचरा कर्मियों की क्षमता को बढ़ाने पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है।
इस उद्घाटन कार्यक्रम में शहर के कई प्रतिष्ठित अतिथि शामिल हुए, जिनमें श्री आदित्य डाचलवाल, आईएएस, कमिश्नर, पटियाला नगर निगम; श्री पवन शर्मा, एसडीओ, पंजाब पॉल्यूशन कंट्रोल बोर्ड; श्री आशीष जैन, निदेशक, आईपीसीए; श्री अजय गर्ग, सचिव, आईपीसीए; और डॉ. राधा गोयल, उप निदेशक, आईपीसीए शामिल थे। इनकी उपस्थिति ने इस बात को बल दिया कि कचरा प्रबंधन की चुनौतियों का समाधान करने के लिए सभी नागरिकों के सहयोग की आवश्यकता है।
आईपीसीए पिछले 20 वर्षों से अधिक समय से, निकायों, कॉरपोरेट्स, आवासीय सोसायटी व शैक्षणिक संस्थानों के साथ मिलकर काम कर रहा है ताकि कूड़ा प्रबंधन को व्यवस्थित किया जा सके। इसके अतिरिक्त, आईपीसीए आवासीय सोसाइटीज और शैक्षणिक संस्थानों को भी उनके जैविक कचरे को पृथक करने और उसे खाद में बदलने की तकनीकी सहायता प्रदान करता है। इस पहल के माध्यम से ज़ीरो वेस्ट की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम उठाया जा रहा है। उद्घाटन के अवसर पर श्री आशीष जैन ने पंजाब प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड, पटियाला नगर निगम और एसबीआई कार्ड्स एंड पेमेंट सर्विसेज लिमिटेड का आभार प्रकट किया, जिन्होंने इस परियोजना के कार्यान्वयन में सहयोग दिया। उन्होंने प्रोजेक्ट मास की विशेषताओं पर प्रकाश डालते हुए देश में कम प्लास्टिक कचरे के संग्रहण तथा रीसाइक्लिंग के महत्व पर बल दिया। कार्यक्रम के दौरान वाले प्लास्टिक कचरे से चिप बोर्ड बनाने की लाइव डेमोंस्ट्रेशन भी की गई। पटियाला में एमआरएफ और पीआरएफ की यह शुरुआत क्षेत्र में कचरा प्रबंधन की दिशा में एक नई शुरुआत का प्रतीक है, जो आईपीसीए के स्वच्छ और सतत विकास के लक्ष्यों को और सशक्त बनाएगा।
पटियाला, पंजाब में मटेरियल रिकवरी फैसिलिटी और प्लास्टिक रीसाइक्लिंग प्लांट का उद्घाटन: कचरा प्रबंधन की दिशा में एक बड़ा कदम
70