नई दिल्ली, 09 अगस्त 2025: पूर्वी दिल्ली के आनंद विहार में स्थित कॉसमॉस अस्पताल में शनिवार दोपहर भीषण आग लग गई। इस दुखद हादसे में एक व्यक्ति की जान चली गई, जबकि कम से कम 10 लोग घायल हो गए।
मृतक की पहचान अमित के रूप में हुई, जो अस्पताल में सफाई कर्मचारी के तौर पर काम करता था। आग लगने के दौरान वह दूसरी मंजिल के शौचालय में फंस गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।
दिल्ली अग्निशमन सेवा के अधिकारियों ने बताया कि दोपहर 12:12 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद आठ दमकल गाड़ियां तुरंत मौके पर पहुंचीं। आग पर अब काबू पा लिया गया है, लेकिन इसके कारणों का अभी तक पता नहीं चल सका है।
घायलों में से सात को उसी अस्पताल में भर्ती किया गया है, जबकि तीन अन्य को मामूली चोटें आई हैं। इस घटना ने इलाके में दहशत फैला दी है, और लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं।
ये भी देखे: जैतपुर में दीवार गिरने से दर्दनाक हादसा: दो बच्चों सहित आठ लोग दबे, दो की मौत की खबर