मनाली, 20 जनवरी 2026: मनाली में पांच दिवसीय राष्ट्र स्तरीय विंटर कार्निवाल की शुरुआत हो गई है। मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने परिधि गृह से सांस्कृतिक झांकियों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
शोभायात्रा में हिमाचल की 300 महिला मंडलों ने हिस्सा लिया। विभिन्न राज्यों के 18 सांस्कृतिक दल भी शामिल हुए। मालरोड पर पर्यटकों और स्थानीय लोगों की भारी भीड़ जमा रही। लोग कैमरे और मोबाइल से इन झांकियों को कैद करते नजर आए। कई पर्यटक रील और वीडियो बनाते हुए उत्साहित दिखे।
मनाली विंटर कार्निवाल 24 जनवरी तक चलेगा। इस दौरान पर्यटकों के लिए ढेर सारे रंगारंग कार्यक्रम रखे गए हैं। मुख्य आकर्षण 21 और 23 जनवरी को होने वाली ‘महानाटी’ है। इसके अलावा विंटर क्वीन प्रतियोगिता, वॉयस ऑफ कार्निवाल, फिल्म डांस, लोकनृत्य प्रतियोगिताएं, फैशन शो और नुक्कड़ नाटक भी आयोजित होंगे।
उद्घाटन समारोह में मुख्यमंत्री सुक्खू और स्थानीय विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने कलाकारों और महिला मंडलों की जमकर तालियां बजाईं।