अमृतसर, 03 अगस्त 2026: अमृतसर देहात पुलिस को सीमा पार से होने वाली ड्रोन तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास गांव सूफियां के खेतों से ड्रोन के जरिए गिराई गई करीब 10 किलोग्राम संदिग्ध हेरोइन बरामद की है। मौके से एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है।
यह खेप पाकिस्तान की ओर से ड्रोन के जरिए भारतीय सीमा में भेजी गई थी। तस्कर खेतों से इसे उठाने पहुंचे थे, लेकिन पुलिस की गतिविधियों की भनक लगते ही वे मौके से फरार हो गए।
तलाशी अभियान के दौरान पुलिस ने खेतों से 10 सीलबंद पैकेट बरामद किए। बरामद मादक पदार्थ का कुल वजन करीब 10 किलोग्राम बताया जा रहा है।
पुलिस ने बरामद मोटरसाइकिल को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का मानना है कि मोटरसाइकिल के पंजीकरण और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों तक पहुंचने में मदद मिल सकती है।
ये भी देखे: अमृतसर पुलिस ने सीमा पार से हथियार तस्करी के नेटवर्क का भंडाफोड़ किया, चार गिरफ्तार