यमुनानगर, 09 जनवरी 2026: हरियाणा में बढ़ते खैर तस्करी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए यमुनानगर के प्रतापनगर पुलिस और वन विभाग की टीम ने गुरुवार को चिकन गांव में बड़ा अभियान चलाया। इस सर्च ऑपरेशन में पुलिस और वन विभाग के 50 से अधिक जवान और अधिकारी शामिल रहे। टीम ने गांव के एक के बाद एक 10 घरों में सघन तलाशी ली।
तलाशी के दौरान एक घर से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित खैर की लकड़ी बरामद हुई। बरामद लकड़ी की अनुमानित कीमत लाखों रुपये बताई जा रही है।
वन विभाग के दरोगा हुक्म चन्द ने बताया कि यह खैर के पेड़ गांव के साथ लगते वन विभाग के जंगलों से चोरी-छिपे काटे गए थे। विभाग पिछले कई दिनों से इन काटे गए पेड़ों की तलाश में था। गुप्त सूचना मिलने के बाद टीम ने चिकन गांव में छापेमारी की। सूचना के अनुसार, जंगल से चोरी किए पेड़ गांव के एक घर में छिपाकर रखे गए थे।
पुलिस ने वन विभाग की शिकायत पर गांव के आधा दर्जन लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। जांच शुरू कर दी गई है। बरामद लकड़ी को जब्त कर लिया गया है और आगे की जांच के लिए वन विभाग को सौंप दिया गया है।
ये भी देखे: यमुनानगर में नशा तस्करी पर पुलिस का लगातार शिकंजा, डेढ़ क्विंटल चूरापोस्त बरामद