चंडीगढ़, 09 अक्टूबर 2026: भारतीय टीम को वेस्टइंडीज के खिलाफ खेली जा रही पांच मैचों की टी20 सीरीज के दूसरे मुकाबले में 249 रनों का स्कोर बनाने के बावजूद रांची के मैदान पर हार का सामना करना पड़ा। इस मुकाबले में साल 2026 में टीम इंडिया में वापसी करने वाले ईशान किशन का बल्ले से एकबार फिर से शानदार प्रदर्शन देखने को मिला। उन्होंने रांची टी20 मैच में 22 गेंदों का सामना करते हुए 43 रनों की पारी खेली। इस दौरान ईशान किशन ने एक ऐसा कारनामा किया जो अब तक टी20 इंटरनेशनल में सिर्फ दो भारतीय खिलाड़ी करने में कामयाब हो सके थे। अब वह लिस्ट में तीसरे भारतीय खिलाड़ी के तौर पर इसका हिस्सा बने हैं।
टी20 इंटरनेशनल में साल 2026 में ईशान किशन का बल्ले से जबरदस्त फॉर्म देखने को मिला है। वह अभी मौजूदा आईसीसी टी20 बल्लेबाजी रैंकिंग में पहली पोजीशन पर भी काबिज हैं। ईशान किशन ने वेस्टइंडीज के खिलाफ दूसरे टी20 मैच में अपनी 43 रनों की पारी के दौरान कुल दो छक्के भी लगाए। इसके साथ ही वह एक साल में 50 या उससे अधिक सिक्स लगाने वाले अब सिर्फ तीसरे भारतीय खिलाड़ी बन गए हैं। ईशान से पहले यह कारनामा एक बार पूर्व कप्तान सूर्यकुमार यादव ने किया। अभिषेक शर्मा दो बार इस कारनामे को अंजाम देने में कामयाब रहे हैं। एक साल में टी20 इंटरनेशनल में भारतीय टीम की तरफ से सबसे ज्यादा छक्के लगाने का रिकॉर्ड सूर्यकुमार यादव के नाम पर है। जिन्होंने साल 2022 में कुल 68 छक्के लगाए थे।
एक साल में टी20आई में सबसे ज्यादा छक्के लगाने वाले खिलाड़ी
सूर्यकुमार यादव – 68 छक्के (साल 2022)
अभिषेक शर्मा – 63 छक्के (साल 2026)
अभिषेक शर्मा – 54 छक्के (साल 2025)
ईशान किशन – 51 छक्के (साल 2026)
सूर्यकुमार यादव – 43 छक्के (साल 2023)
ये भी देखें: श्रेयस अय्यर ने हार के बाद इसे बताया बड़ा फैक्टर, बोले- ”ओस के कारण…”