ईरान ने सोरोका हॉस्पिटल पर किया मिसाइल अटैक, अब इजरायल की आई खुली धमकी

by Manu
ईरान इजरायल युद्ध

Iran Israel War Update: ईरान द्वारा इजरायल के बीरशेवा शहर में स्थित सोरोका मेडिकल सेंटर पर 19 जून 2025 को किए गए बैलिस्टिक मिसाइल हमले ने दोनों देशों के बीच चल रहे तनाव को और भड़का दिया है। इस हमले में अस्पताल को काफी नुकसान पहुंचा, हालांकि गंभीर चोटों की कोई पुष्टि नहीं हुई, क्योंकि हमले से पहले अस्पताल के अधिकांश हिस्सों को खाली कर लिया गया था। इस घटना में कई लोग हल्के तौर पर घायल हुए, और मिसाइल ने सर्जरी के लिए इस्तेमाल होने वाली इमारत को क्षतिग्रस्त कर दिया।

इजरायल ने हॉस्पिटल पर हमले को बताया युद्ध अपराध

इजरायल के रक्षा मंत्री इजरायल काट्ज ने इस हमले को “सबसे गंभीर युद्ध अपराध” करार देते हुए ईरान के सर्वोच्च नेता अयातुल्लाह अली खामेनेई को सीधे जिम्मेदार ठहराया। काट्ज ने कहा, “खामेनेई ने अस्पतालों पर हमला करने का आदेश दिया। ऐसा व्यक्ति, जो इजरायल के विनाश को अपना लक्ष्य मानता है, अब और मौजूद नहीं रह सकता।” उन्होंने यह भी बताया कि प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू के साथ मिलकर उन्होंने इजरायल डिफेंस फोर्स (IDF) को तेहरान में रणनीतिक और सरकारी ठिकानों पर हमले तेज करने का आदेश दिया है।

नेतन्याहू ने की बदले की बात

प्रधानमंत्री नेतन्याहू ने भी एक्स पर एक बयान में कहा, “ईरान के आतंकी तानाशाहों ने सोरोका अस्पताल और आम नागरिकों पर मिसाइलें दागीं। हम तेहरान के तानाशाहों से इसका पूरा बदला लेंगे।” उन्होंने इसे युद्ध अपराध बताते हुए कड़ी प्रतिक्रिया देने की चेतावनी दी।

इस हमले के जवाब में इजरायल ने ईरान के अराक हैवी वॉटर रिएक्टर और अन्य सैन्य ठिकानों पर हमले किए, जिसके बाद ईरान ने दावा किया कि हमले से कोई रेडिएशन खतरा नहीं है। ईरान के सुप्रीम लीडर खामेनेई ने इजरायल के हमलों को “जघन्य अपराध” बताया और जवाबी कार्रवाई का वादा किया।

ये भी देखे: आयातुल्लाह अली खामनेई की अमेरिका को धमकी, कहा- ‘ईरान कभी नहीं करेगा सरेंडर..’

You may also like