शिंकुला, 05 दिसंबर 2025: हिमाचल में मौसम भले ही शुष्क बना हुआ है लेकिन सुबह-शाम कड़ाके की ठंड ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। न्यूनतम तापमान लगातार गिर रहा है। शुक्रवार सुबह शिंकुला और बारालाचा दर्रे सहित ऊंचाई वाले इलाकों में बर्फ के हल्के फाहे गिरे। लाहौल-स्पीति और मनाली घाटी में दिन भर बादल छाए रहे जिससे हिमपात की उम्मीद जगी, लेकिन दोपहर बाद मौसम साफ हो गया।
शुक्रवार को मनाली-लेह और शिंकुला-जांस्कर मार्ग पर यातायात सामान्य रहा। हालांकि शिंकुला में वाहनों की आवाजाही मौसम पर निर्भर रहेगी। 7 दिसंबर से मनाली-लेह मार्ग आधिकारिक रूप से बंद हो जाएगा।
मौसम विज्ञान केंद्र शिमला के अनुसार प्रदेश का सबसे कम तापमान ताबो में -8.3 डिग्री दर्ज हुआ जबकि सबसे गर्म पांवटा साहिब रहा जहां अधिकतम तापमान 25 डिग्री तक पहुंचा। बीते 24 घंटे में बिलासपुर में घना कोहरा छाया रहा जबकि मंडी के कुछ इलाकों में हल्का कोहरा देखा गया।
ये भी देखे: मनाली-लाहौल में हिमपात का दौर, घाटी में बारिश से ठंड ने किया कंबल ओढ़ने को मजबूर