Himachal News: रिज मैदान में वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित, 15 जुलाई को होगा अनावरण

by Manu
वीरभद्र सिंह

शिमला, 16 जून 2025: शिमला के रिज मैदान स्थित दौलत सिंह पार्क में पूर्व मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह की प्रतिमा स्थापित की गई है। सोमवार को इसे हिमाचल के प्रथम मुख्यमंत्री डॉ. यशवंत सिंह परमार की प्रतिमा के बगल में लगाया गया। यह प्रतिमा डॉ. परमार की प्रतिमा से थोड़ी छोटी है और अभी इसे ढककर रखा गया है। इसका अनावरण 15 जुलाई को होगा, जिसके बाद लोग इसे देख सकेंगे। प्रतिमा के नीचे सफेद ग्रेनाइट का फाउंडेशन बनाया गया है, जिसे अंतिम रूप दिया जा रहा है।

पहले अनावरण 23 जून को प्रस्तावित था, लेकिन राष्ट्रीय नेताओं के कार्यक्रम के कारण तारीख बदल दी गई। वीरभद्र सिंह की प्रतिमा गाजियाबाद में तैयार की गई है, और इसका पूरा खर्च भाषा, कला एवं संस्कृति विभाग उठाएगा।

रिज मैदान, जहां यह प्रतिमा लगाई गई है, सालभर देश-विदेश के पर्यटकों के लिए आकर्षण का केंद्र रहता है। यहां पहले से ही महात्मा गांधी, इंदिरा गांधी, डॉ. वाईएस परमार और अटल बिहारी वाजपेयी की प्रतिमाएं मौजूद हैं। इसके अलावा, स्कैंडल प्वाइंट पर लाला लाजपत राय, सीटीओ के पास लाल बहादुर शास्त्री, चौड़ा मैदान में बाबा साहब भीमराव अंबेडकर और छोटा शिमला में राजीव गांधी की प्रतिमाएं भी स्थापित हैं।

ये भी देखे: Himachal News: सीएम सुक्खू की अध्यक्षता में आज होगी कैबिनेट की बैठक

You may also like