यूपी में H1N1 और सीजनल फ्लू को लेकर स्वास्थ्य विभाग अलर्ट, डिप्टी सीएम ने दीं हिदायतें

by Manu
ब्रजेश पाठक

लखनऊ, 29 अगस्त 2026: उत्तर प्रदेश में H1N1 इन्फ्लुएंजा और सीजनल फ्लू के बढ़ते मामलों को देखते हुए स्वास्थ्य विभाग अलर्ट मोड पर आ गया है। शनिवार सुबह डिप्टी सीएम और प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री ब्रजेश पाठक ने स्वास्थ्य भवन कार्यालय में अधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कर बैठक की और जरूरी दिशा निर्देश जारी किए। इन मामलों को लेकर ब्रजेश पाठक ने अफसरों को विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए हैं।

डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने आज सुबह लखनऊ में स्वास्थ्य भवन में बैठक की जिसमें चिकित्सा एवं चिकित्सा शिक्षा विभाग, प्रदेश के सभी जनपदों के सीएमओ, सीएमएस एवं मेडिकल कॉलेजों के प्रधानाचार्य के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए समीक्षा बैठक की। जिसमें सभी अधिकारियों को H1N1 इन्फ्लुएंजा को लेकर अहम दिशा निर्देश दिए गए।

ब्रजेश पाठक ने डॉक्टरों से कहा कि विशेष सतर्कता बरती जाए और अगर कहीं भी कोई केस आए तो उसे सही से ट्रैक किया जाए और जांच कराई जाए। इसके साथ ही डिप्टी सीएम ने पैथोलॉजी मालिकों को भी सख्त आदेश दिया और कहा कि जांच के लिए तय शुल्क से ज्यादा पैसा नहीं वसूला जाएगा। अगर वसूली हुई तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।

डिप्टी सीएम ने कहा कि “प्रदेश में H1N1 जो एक तरह का वायरल बुखार है उसे लेकर एक उच्च स्तरीय बैठक लखनऊ के स्वास्थ्य महानिदेशालय में चल रही है। इसमें उत्तर प्रदेश में बुखार के मरीजों में जो अचानक वृद्धि हुई है खासकर पश्चिमी उत्तर प्रदेश और लखनऊ में उन सभी मरीजों की पहचान करने और उनको दवाइयों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर खास ध्यान दिया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि पूरे प्रदेश को सतर्क मोड पर रखा गया है। दवाइयों की पर्याप्त उपलब्धता है। किसी को घबराने की कोई जरूरत नहीं है। पूरा प्रदेश अलर्ट मोड पर बना हुआ है। जिम्मेदार अफसरों को शासन की स्वीकृति के बाद अवकाश मिलेगा। हमारी सरकार हर स्थिति के लिए तैयार है।”

ये भी देखे: UP News: लखनऊ में उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने 14 पॉलीक्लीनिक का किया लोकार्पण

You may also like