चंडीगढ़, 14 अगस्त 2025: पंजाब में आज सुबह से सरकारी बस सेवाएं पूरी तरह ठप हो गई हैं, क्योंकि पंजाब रोडवेज, पनबस और पीआरटीसी के संविदा कर्मचारियों ने अपनी मांगों को लेकर अनिश्चितकालीन हड़ताल शुरू कर दी है। यह हड़ताल परिवहन विभाग के साथ कर्मचारियों की मांगों पर सहमति न बन पाने के बाद शुरू हुई है।
बुधवार को परिवहन सचिव के साथ हुई बैठक में कर्मचारियों की प्रमुख मांगें, जैसे किलोमीटर स्कीम के तहत बसों के टेंडर रद्द करना और संविदा कर्मचारियों को स्थायी करना, खारिज कर दी गईं। इससे नाराज कर्मचारियों ने हड़ताल का रास्ता अपनाया। यूनियन के प्रधान रंजीत बावा ने सरकार के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं, तो वे चक्का जाम जैसे सख्त कदम उठाएंगे।
हड़ताल के चलते पंजाब में लंबी दूरी और स्थानीय रूटों पर बस सेवाएं पूरी तरह बंद हैं। पहले से चल रही लंबी दूरी की बसें भी अब रूटों पर नहीं चल रही हैं, जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
इस बीच, पंजाब सरकार ने कर्मचारियों को आज सुबह 11 बजे सिविल सचिवालय में वार्ता के लिए बुलाया है। ऐसा लगता है कि कर्मचारियों के विरोध के दबाव में सरकार बातचीत के लिए तैयार हुई है।
ये भी देखे: युद्ध नशा विरुद्ध: पंजाब में अब तक 25,646 नशा तस्कर गिरफ्तार, 1059 किलो हेरोइन जब्त