हरियाणा में गैस संकट गहराया, सिलेंडर न मिलने पर रो पड़ी महिला, बोलीं-2 छोटे बच्चे 1 सप्ताह से गुरुद्वारे में खा रहे खाना

by Manu
gas crisis

चंडीगढ़, 12 मार्च 2026: अमेरिका-इजराइल और ईरान के बीच चल रहे तनाव का असर अब हरियाणा की आम जनता पर साफ दिख रहा है। गुरुवार सुबह से ही राज्य के विभिन्न जिलों में गैस एजेंसियों पर लंबी कतारें लगी रहीं। घरेलू सिलेंडर की सप्लाई लगभग ठप हो गई है जबकि कमर्शियल सिलेंडरों की किल्लत पहले से ही है। कालाबाजारी भी शुरू हो गई है।

गुरुग्राम में घरेलू सिलेंडर ब्लैक में 1500 रुपये तक में मिल रहा है जबकि सामान्य रेट 1050-1100 रुपये है। कमर्शियल सिलेंडर का रेट 3 से 4 हजार रुपये तक पहुंच गया है। कई एजेंसियों ने कहा कि सेंट्रल स्तर से सप्लाई ही नहीं आ रही है इसलिए वे डिलीवरी नहीं कर पा रहे।

यमुनानगर में महिला प्रभजोत कौर गैस एजेंसी पहुंची तो उसे सिलेंडर देने से मना कर दिया गया। इससे वह एजेंसी के सामने रोने लगी। उसने बताया कि एक सप्ताह से उसके घर का सिलेंडर खत्म पड़ा है। घर में दो छोटे बच्चे हैं। पति दुबई में नौकरी करते हैं इसलिए वह अकेली है। मजबूरन वह गुरुद्वारे में जाकर खाना खा रही है।

हिसार में एक गैस एजेंसी संचालक पब्लिक की परेशानी से तंग आकर एजेंसी पर ताला डालकर फरार हो गया। ग्राहकों ने बताया कि वे कई दिनों से सिलेंडर के लिए चक्कर काट रहे हैं लेकिन कोई जवाब नहीं मिल रहा।

रेवाड़ी के गांव ढालियावास के जुगबीर ने कहा कि तीन दिन से सिलेंडर नहीं है। इधर-उधर से जुगाड़ करके काम चला रहे हैं लेकिन अब यह भी मुश्किल हो रहा है।

ये भी देखे: खरड़ में गैस की किल्लत, घरेलू सिलेंडर भी नहीं मिल रहे, एजेंसियों के बाहर लंबी कतारें

You may also like