चंडीगढ़, 03 जुलाई 2026: हरियाणा में बिजली निगम के 5 हजार से ज्यादा कर्मचारी गुरुवार को मंत्री अनिल विज के आवास घेरने अंबाला कैंट पहुंच गए। सड़क से लेकर मंत्री के आवास तक करीब एक किलोमीटर तक कर्मचारी ही कर्मचारी दिखाई दे रहे थे, जिससे दो स्टेट हाईवे जाम हो गए।
इसी दौरान दिलचस्प नजारा तब बना जब मंत्री खुद ही अपने खिलाफ मुर्दाबाद के नारे लगवाने लगे। अपने घर के बाहर जुटे कर्मचारियों से विज बोले- आप मेरे मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे। एक बार दोबारा लगाओ, मजा आ रहा है।
इससे पहले जब कर्मचारी मंत्री के घर की तरफ पैदल मार्च कर रहे थे, तभी विज का काफिला उनके पास से गुजरा। मंत्री ने गाड़ी रुकवाई और नीचे उतरकर पैदल चलने लगे। इस दौरान कर्मचारी सरकार और मंत्री मुर्दाबाद के नारे लगा रहे थे।
साथ ही ‘हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है’ का नारा लगाया जा रहा था। इस पर विज बोले- हर जोर जुल्म की टक्कर में संघर्ष हमारा नारा है और अनिल विज तुम्हारा है। इस पूरे घटनाक्रम का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
हालांकि, बाद में विज ने कर्मचारियों का ज्ञापन लेकर भरोसा दिलाया कि उनकी मांगों को लेकर यूनियन और अफसरों की बैठक जल्द करवाई जाएगी। उन्होंने कहा कि यह बैठक कुछ दिन बाद होगी, क्योंकि अभी उनका भाई चंडीगढ़ पीजीआई में भर्ती है।
ये भी देखे: हरियाणा में इलेक्ट्रिक वाहनों पर 100% टैक्स छूट का प्रस्ताव तैयार, अनिल विज ने फाइल भेजी