लखनऊ, 30 मई 2026: रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने शनिवार को लखनऊ के इकाना स्टेडियम के पास ‘नौसेना शौर्य वाटिका’ का उद्घाटन किया। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ भी इस मौके पर मौजूद रहे।
उद्घाटन के बाद अपने संबोधन में राजनाथ सिंह ने कहा कि भारतीय सेनाओं की स्मृतियों को सहेजने वाली वाटिकाएं और संग्रहालय सेना के साथ लोगों का आत्मीय रिश्ता फिर से जीवंत करते हैं और उनके प्रति कृतज्ञता का भाव पैदा करते हैं।
रक्षा मंत्री ने कहा कि यह पार्क कोई साधारण पर्यटन स्थल नहीं है, बल्कि एक जीवंत प्रेरणास्थल है। यह शौर्य वाटिका आने वाली पीढ़ियों को बताएगी कि आजादी और सुरक्षा की कीमत क्या होती है।
राजनाथ सिंह ने कहा, “कई लोग सोच सकते हैं कि लखनऊ में शौर्य वाटिका की क्या जरूरत है, लेकिन हमें इस पर गौर करना चाहिए। जो जवान हमारी सीमाओं की रक्षा करते हैं, उनका बलिदान और रोज का संघर्ष हम अपनी भागदौड़ भरी जिंदगी में अक्सर भूल जाते हैं। यह नौसेना शौर्य वाटिका हमें एक बार रुककर सोचने पर मजबूर करेगी कि जिनकी वजह से हम सुरक्षित जीवन जी रहे हैं, उनका योगदान कितना बड़ा है। नई पीढ़ी उनके प्रति कृतज्ञता महसूस करेगी।”
रक्षा मंत्री ने घोषणा की कि शौर्य वाटिका में प्रदर्शन के लिए नौसेना की एक रिटायर्ड पनडुब्बी भी मंगवाई जाएगी।
ये भी देखे: राजनाथ सिंह के साथ कामाख्या मंदिर पहुंचे CM योगी, हिमंता के शपथ ग्रहण समारोह में हुए शामिल