चंडीगढ़, 29 अगस्त 2026: महाराष्ट्र के बाद अब हरियाणा में भी दूध के दाम बढ़ सकते हैं। डेयरी फार्मर्स एसोसिएशन (डीएफए) ने वीटा के अलग-अलग प्लांट जाकर ज्ञापन सौंपा है। जिसमें दूध के दाम 2 से 3 रुपये किलो बढ़ाने की मांग की गई है।
डीएफए का कहना है कि पशु आहार और तूड़ी इत्यादि के रेट बढ़ने के चलते पशुपालकों को लगातार घाटा हो रहा है। इसके अलावा ट्रांसपोर्ट का खर्चा भी तेल महंगा होने से बढ़ गया है। वहीं हरियाणा के अलग-अलग गांवों में इसको लेकर मुहीम चल रही है।
इसकी शुरुआत हिसार के राजथल गांव से हुई जहां भैंस का दूध 100 रुपये किलो बेचने का फैसला लिया गया। इतना ही नहीं गाय का दूध 80 रुपये किलो और देसी घी 1500 से 2000 रुपये लीटर करने का फैसला लिया गया।
इसके बाद अलग-अलग गांवों में पंचायत कर दूध के दाम बढ़ाने का फैसला लिया गया है। हरियाणा में भैंस का दूध 70 से 80 रुपये और गाय का दूध 50 से 60 रुपये प्रति किलो के हिसाब से बिकता है।
ये भी देखे: वेरका ने दूध खरीद रेट में की ₹15 प्रति किलो फैट की बढ़ोतरी, किसानों को होगा लाभ