शिमला, 25 दिसंबर 2025: हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने क्रिसमस और नववर्ष के अवसर पर राज्यपाल शिव प्रताप शुक्ल से शिष्टाचार भेंट की। बुधवार को लोक भवन पहुंचे मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को शुभकामनाएं दीं। दोनों नेताओं के बीच आधे घंटे से अधिक समय तक सौहार्दपूर्ण माहौल में बातचीत हुई।
सूत्रों के अनुसार मुलाकात में लोक भवन स्तर के कुछ विषयों पर भी चर्चा हुई। खासकर विश्वविद्यालयों में कुलपतियों की नियुक्तियों को लेकर राजभवन और सरकार के बीच लंबे समय से चल रही तल्खी पर भी बात हुई। राज्यपाल पहले ही सार्वजनिक रूप से कह चुके हैं कि कुलपति नियुक्ति में अगर लोक भवन को बाईपास किया गया तो जवाबदेही सरकार की होगी।
इसके अलावा कुछ समय पहले अधिकारियों की अस्थायी नियुक्तियों का मुद्दा भी राजभवन तक पहुंचा था। बैठक में इन विषयों पर संतुलित चर्चा हुई।
मुख्यमंत्री ने राज्यपाल को नववर्ष के आगमन पर प्रदेश में आने वाले पर्यटकों की सुविधाओं के बारे में भी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि सरकार पर्यटकों के स्वागत के लिए पूरी तरह तैयार है। होटल, ढाबे और पर्यटन स्थलों को 24 घंटे खुले रखने के निर्देश दिए गए हैं।
ये भी देखे: Shimla News: नशामुक्ति दौड़ में राज्यपाल के साथ मुख्यमंत्री सुक्खू भी लगाएंगे दौड़