पानीपत, 12 मार्च 2026: हरियाणा के मुख्यमंत्री नायब सिंह सैनी गुरुवार को हेलीकॉप्टर से पानीपत जिले के समालखा में पट्टीकल्याणा स्थित माधव सृष्टि परिसर पहुंचे। मुख्यमंत्री का यह दौरा राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) की आगामी 13, 14 और 15 मार्च को होने वाली ‘अखिल भारतीय प्रतिनिधि सभा’ की तैयारियों का जायजा लेने और संघ प्रमुख डॉ. मोहन भागवत से भेंट करने के लिए था।
मुख्यमंत्री के हेलीपैड पर उतरते ही भाजपा जिला अध्यक्ष और अन्य वरिष्ठ कार्यकर्ताओं ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका गर्मजोशी से स्वागत किया। सीएम ने प्रशासनिक अधिकारियों से बैठक ली और सुरक्षा व्यवस्था ट्रैफिक मैनेजमेंट पार्किंग और अन्य जरूरी इंतजामों पर फीडबैक लिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि बैठक के दौरान किसी तरह की कोई कमी न रहे और सभी प्रतिनिधियों को सुगम सुविधा मिले।
माधव सृष्टि में होने वाली यह तीन दिवसीय बैठक संघ की साल की सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण बैठक मानी जाती है। इसमें देशभर से करीब 1487 प्रतिनिधि हिस्सा लेने पहुंच रहे हैं।